पड़ोसी गांव की पंचायतें करेंगी गद्दी के लिए महंत का फैसला
डेरा राजपुरी की गद्दी का विवाद, तीसरी महापंचायत में भी नहीं बनी सहमति, मंगलवार को फिर होगी महापंचायत
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। तीन महीने से भी अधिक समय से चल रहे बाबा लदाना गांव में डेरा राजपुरी की गद्दी विवाद पर रविवार को तीसरी महापंचायत आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता गांव बुढ़ा खेड़ा के सरपंच दीनानाथ ने की। इस महापंचायत में भी गद्दी को लेकर सहमति नहीं बन पाई। इस कारण अब महापंचायत में पहुंचे गांव के प्रमुख लोग अन्य बिरादरियों के साथ मिलकर मंगलवार को गुहणा के धूने वाली जाल स्थित बाबा राजपुरी डेरे में दोबारा महापंचायत होगी।
महापंचायत में एक बार तो गांव के दोनों पक्षों में विवाद का माहौल बन गया था। लेकिन एक पक्ष अड़ गया। इस कारण पड़ोसी गांव के लोगों ने मंगलवार को होने वाली पंचायत में गांव बाबा लदाना के लोगों को शामिल किए बिना ही महापंचायत करने का निर्णय लिया है। इन लोगों का कहना है कि गांव में दो पक्षों में हुए विवाद के कारण अब तक हुई तीनों पंचायतों में झगड़ा होने का खतरा बना हुआ है। इस कारण गद्दी विवाद पर कोई भी फैसला नहीं हो पा रहा है। इस पर फैसला करने के लिए गांव के लोगों को इस पंचायत से बाहर रखना आवश्यक है। गांव मानस निवासी रणबीर फौजी ने कहा कि यह फैसला केवल गांव के लोगों की भलाई के लिए लिया है। क्योंकि पिछली तीन महापंचायतों में दो पक्षों के आपसी विवाद के कारण फैसला नहीं है।
प्रशासन के अधीन है डेरा : गांव में डेरे की गद्दी को लेकर दो पक्ष बनने के बाद हुए विवाद के बाद जिला प्रशासन ने डेरे को अपने कब्जे में ले रखा है। कब्जे में लेने के साथ साथ यह चल अचल संपत्ति का ब्योरा भी लिया गया है।
इन गांवो के लोगो ने लिया पंचायत में हिस्सा:-रविवार को हुई महापंचायत में गांव मानस, अटैला, गुहणा, पाडला, बुढाखेड़ा, गढ़ी, मालखेड़ी, दिल्लोवाली, बालू, सिरटा, सांघन सहित अन्य गांव के लोगों ने भाग लिया। इस मौके पर इन गांवो के सभी सरपंचो सहित, राकेश प्रजापति, रोशन पाडला, प्रताप, सिंगारा राम सहित अन्य मौजूद रहे।