गो रक्षक दल के सदस्यों पर गो तस्करों ने की फायरिंग, मौके पर गोवंश का छोड़कर भागे तस्कर
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। रविवार देर रात ढांड क्षेत्र में पिहोवा रोड पर गो तस्करी के लिए गाड़ी में गोवंश को ले जा रहे तस्कर गोवंश को छोड़कर फरार हो गए। गो रक्षक दल के सदस्यों का आरोप है कि तस्करों ने भागते हुए उन पर फायरिंग की। जिसमें सभी सदस्य बाल-बाल बच गए। वहीं पुलिस ने इस प्रकार के किसी भी मामले से इंकार किया है।
गो रक्षक दल के सदस्य बलकार सिंह, पवन मान, काकू, राहुल, रोशन व काला ने बताया कि 24 दिसंबर की रात को सूचना मिली की पिहोवा रोड से कुछ गो तस्कर टाटा 407 में गोवंश को लेकर तस्करी के लिए ले जा रहे हैं। यह सूचना मिलने पर गो रक्षक दल के सदस्य ढांड पहुंच। पुलिस को भी इस घटना की सूचना दी। जैसे ही गाड़ी पिहोवा की तरफ से आई तो गो रक्षक दल के सदस्यों ने उन्हें रुकवाने का प्रयास किया, लेकिन तस्करों ने गो रक्षक दल के सदस्यों को कुचलने का प्रयास किया ओर भाग गए। इसके बाद गो रक्षक दल के सदस्यों ने लिंक मार्ग से होते हुए गाड़ी का पीछा कर आगे निकलने हुए सड़क पर लोहे की कांटे वाली तार डाल दी। जैसे ही तस्करों की गाड़ी वहां से निकली तो टायर फट गया। इस दौरान गाड़ी से कई गोवंश नीचे गिर गए। इस कारण दो गोवंश को चोट भी आई है। तस्करों ने उन पर तीन फायरिंग की है। जिसमें वह बाल-बाल बच गए। अंधेरे का फायदा उठाते हुए तस्कर गाड़ी सहित भागने में सफल रहे। गो रक्षक दल के सदस्यों ने कहा कि इस घटना के दौरान पुलिस भी साथ थी।
ढांड पुलिस थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि क्षेत्र में ऐसी कोई घटना नहीं हुई है ओर न ही उनके पास कोई शिकायत आई है।