संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। कलायत में जम्मू-कटरा हाईवे पर गोरक्षा दल और पुलिस की टीम ने एक गो तस्कर को ट्रक समेत पकड़ा है। आरोपी इन गायों को नूंह ले जा रहा था। जब ट्रक की जांच की गई तो उसमें कुल 17 गोवंश ठूंस-ठूंस कर भरे हुए मिले। इनमें से एक गाय की मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कलायत थाने में मामला दर्ज कर लिया है। कलायत थाना पुलिस को दी शिकायत में कैथल निवासी सुशांत ने बताया कि वह गौ रक्षा दल का सदस्य है। चार अप्रैल को वह गोरक्षा दल की टीम के साथ युवराज स्कूल बात्ता के पास मौजूद था। वहां पर टीम को सूचना मिली कि जम्मू-कटरा हाईवे पर गांव खरक पांडवा के पास ट्रक में गोवंश हैं। वहां पहुंचकर चालक से ट्रक रुकवाया तो उसमें गाय व बैल भरे हुए थे। आरोपी कोई लाइसेंस भी नहीं दिखा सका।
जांच करने पर ट्रक में 11 गाय, एक गाय मृत पांच बैल मिले। पूछने पर चालक ने अपना नाम हरप्रीत सिंह बताया, जो खरोला राजपुरा पंजाब रहने वाला है। कलायत थाना प्रभारी शक्ति सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस मौके पर गोरक्षा दल के जिला अध्यक्ष बलकार सिंह, उपाध्यक्ष पवन मान, मंत्री हरपाल ,महामंत्री कबीर, पवन,सनोज, राकेश और कलायत से अनिल शामिल रहे।