सड़कों पर अतिक्रमण, विभाग नींद में
फोटो नंबर-15
अमर उजाला ब्यूरो
पूंडरी। कस्बा की सड़कों पर अतिक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। लेकिन संबंधित विभाग इसकी सुध लेने का नाम नहीं ले रहा है। दुकानदारों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि उन्होंने लगभग आधी सड़क पर अतिक्रमण कर लिया है। दुकानदारों द्वारा सड़क पर अतिक्रमण करने के चलते सड़कों पर न केवल जाम की स्थिति बन रही है, बल्कि आम लोगों को पैदल चलने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। फतेहपुर के शहीद गिरधर लाल चौंक से लेकर पूंडरी के नगरपालिका कार्यालय तक सड़क के दोनों और दुकानदारों ने अतिक्रमण कर रखा है और संबंधित विभाग चैन की नींद सो रहा है। कुछ दुकानदारों ने तो दुकान में कम सड़क पर ज्यादा सामान रख रखा है। कहने को तो ये मार्ग फोरलेनिंग हो चुका है, लेकिन एक साइड से एक वाहन निकल जाए तो भी गनीमत है।
इस समस्या के बारे में हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के ब्लाक प्रधान योगेश उप्पल, समाजसेवी अनिल आर्य, विवेक सिंह वालिया, सहित कई समाजसेवियों ने कहा कि दुकानदारों को चाहिए कि वे अपना सामान सड़क पर न रखकर अपनी हद में रखना चाहिए ताकि राहगीरों को परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण करना गलत है।
लोक निर्माण विभाग के एसडीओ गुरप्रीत सिंह से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि जल्द ही वे मौके का मुआयना कर कार्रवाई करेंगे।
जब इस समस्या के बारे में नपा सचिव बलबीर रोहिला से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि वे जल्द ही लोगों को इस समस्या से निजात मिलेगी।