ए बेटी मन्नै या बहु रोटी नीं देंदी...मेरी सास मेरे साथ झगड़ा करै..
महिला हेल्पलाइन पर कुछ इस तरह की आती हैं ज्यादा शिकायतें
650 शिकायतों में से अधिकतर का मौके पर ही निपटारा
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। ए बेटी मन्ने या बहु रोटी नीं देंदी ए..आ कै रोटी दुआ दे..। मैडम मेरी सास मेरे साथ झगड़ा करती है। मेरा ससुर पीटता है। घर आला शराब पीकर आता है और मारपीट करता है। कुछ इस तरह की शिकायतें महिला हेल्पलाइन नंबर पर आती हैं। जिसमें पुलिस द्वारा समझा-बुझाकर मामले को शांत करवाया जाता है।
जिले में महिला हेल्पलाइन नंबर 1091 पर फोन रिसीव करने के लिए 3 ऑपरेटर हैं। जो सूचना आते ही तुरंत कार्रवाई के लिए संबंधित पुलिस थाने के पास सूचना भेजती हैं।
घरेलू हिंसा की अधिकतर शिकायतें:-महिला पुलिस कर्मचारियों ने बताया कि इस नंबर पर सबसे ज्यादा शिकायतें घरेलू हिंसा की रहती हैं। पति-पत्नी, सास-बहु के झगड़े ज्यादा आते हैं। उस पर संबंधित लोगों को बुलाकर समझा दिया जाता है। अभी तक इस साल 650 शिकायतें आई हैं। इनका लगभग सभी का निपटारा कर दिया गया है।
महिला थाना प्रभारी निर्मला देवी ने कहा कि कैथल में महिला हेल्पलाइन पर आने वाली हर शिकायत पर तुरंत सुनवाई होती है। घरेलू हिंसा के अलावा कुछ महिलाएं छेड़छाड़ व दुष्कर्म जैसी शिकायतें करती हैं। लेकिन ऐसी शिकायतों की संख्या काफी कम है। अभी तक 650 से ज्यादा शिकायतें इस नंबर पर निपटाई जा चुकी हैं।