सभी अध्यापकों को स्टेशन अलाट किए जाएं : पंवार
बढ़ी हुई छात्र संख्या के हिसाब से अलॉट किए जाएं स्कूल
प्राथमिक अध्यापक संघ ने की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ जिला कैथल ने मांग कि है कि जिन नवचयनित अध्यापकों को स्टेशन नहीं दिए गए हैं, उन्हें तुरंत स्टेशन अलाट करके स्कूलों में भेजा जाए। जिला कैथल में 30 सितंबर 2016 की छात्र संख्या को आधार मानकर कुल 421 नए पद सृजित किए गए हैं। लेकिन 493 अध्यापकों को शिक्षा निदेशालय की ओर से जिला कैथल दिया गया है, जिसके कारण कुल 73 अध्यापक स्कूल जाने से वंचित रह गए हैं। जिससे ये अध्यापक काफी मायूस नजर आ रहे हैं। पिछले लगभग दो महीने से जिला मुख्यालय पर हाजिरी लगा रहे इन अध्यापकों का स्कूल पहुंचने का सपना अभी साकार नहीं हुआ, जिसका दर्द इनके चेहरे पर साफ नजर आ रहा है। प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला संरक्षक रोशन लाल पंवार व जिला प्रधान राजेश बैनीवाल ने कहा कि शिक्षा विभाग अध्यापकों के साथ नाइंसाफी कर रहा है। जिला कैथल में बेशक 30 सितंबर की छात्र संख्या के आधार पर 421 नए पद बनते हों लेकिन जिले के काफी स्कूल ऐसे हैं जिनमें वर्तमान छात्र संख्या बहुत अधिक है तथा जिले में कई स्कूल ऐसे भी हैं जिनकी छात्र संख्या 30 सितंबर 2016 को एमआईएस पर काफी कम दिखाई गई है। पंवार ने कहा कि खंड राजौंद के गांव फरीयाबाद में इस सत्र से पहले केवल 49 विद्यार्थी थे लेकिन पूरे गांव के सहयोग से 123 से ज्यादा छात्र शिक्षा ग्रहण करने आ रहे हैं। इसी प्रकार सलेमपुर मदूद में 45 से 53, कोटड़ा में 207 से 238, बिरथे बाहरी में 153 से 174, सेगा प्लाट में 74 से 81, रमाना रमानी में 68 से 78, गुहना में 302 से 328, कमालपुर में 241 से 267 छात्र संख्या है।