जनसंख्या दिवस पर कार्यक्रम आयोजित
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। एडीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने आम जनमानस का आह्वान किया कि वे बढ़ती जनसंख्या पर नियंत्रण पाने के लिए बाल विवाह रोकने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें तथा परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों की जानकारी घर-घर पहुंचाएं। बुजुर्ग महिलाएं बहुओं का पूरा मान-सम्मान करें तथा गर्भधारण के समय उनके स्वास्थ्य का भी ध्यान रखें, ताकि होने वाली संतान स्वस्थ हो। बेटा-बेटी में भेदभाव की संकीर्ण मानसिकता को बदलें, क्योंकि बेटियां हर क्षेत्रों में बेटों से आगे हैं।
एडीसी कैप्टन शक्ति सिंह मंगलवार को राजकीय नागरिक अस्पताल में विश्व जनसंख्या दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि समाज में बेटों के महत्व से संबंधित फैली भ्रांति को दूर करें, क्योंकि बेटियां आज किसी भी क्षेत्र में बेटों से कम नही हैं। सिविल सर्जन डा. अशोक कुमार ने कहा कि विश्व जनसंख्या दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य समाज में चेतना फैलाना है। उप सिविल सर्जन डा. नीलम कक्कड़ ने अपील की कि वे जिला में लिंगानुपात को सुधारने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। इस मौके पर डा. आरडी चावला, डा. रेनू चावला, बीईई राजेश कुमार, डीपीएम नरेंद्र कुमार, अमनदीप सिंह, आशा वर्कर, एएनएम आदि मौजूद रहे।