संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। मिशन बुनियाद लेवल-1 की परीक्षा में जिले के 1602 विद्यार्थियों ने सफलता हासिल कर कैथल को प्रदेश में चौथा स्थान दिलाया है। अब ये सभी विद्यार्थी मिशन बुनियाद लेवल-2 की परीक्षा में भाग लेंगे, जो 30 जनवरी को आयोजित की जाएगी।
जिला विज्ञान विशेषज्ञ सुशील कुमार ने बताया कि लेवल-1 में चयनित विद्यार्थियों के लिए लेवल-2 की परीक्षा 30 जनवरी को होगी, जिसके एडमिट कार्ड 20 जनवरी से डाउनलोड किए जा सकेंगे।
उन्होंने बताया कि लेवल-2 में सफल विद्यार्थी लेवल-3 की परीक्षा में भाग लेंगे। इसके बाद लेवल-3 में चयनित विद्यार्थियों को मिशन बुनियाद कार्यक्रम (सत्र 2026–28) में अंतिम रूप से शामिल किया जाएगा। इस कार्यक्रम के तहत विद्यार्थी कक्षा 9वीं और 10वीं की पढ़ाई मिशन बुनियाद केंद्रों से करेंगे।
सुशील कुमार ने जानकारी दी कि वर्ष 2026 से मिशन बुनियाद का रेजिडेंशियल (होस्टल) कार्यक्रम भी शुरू किया जा रहा है। इसके अंतर्गत प्रदेश के कुरुक्षेत्र, हिसार, पानीपत और गुरुग्राम जिलों में रेजिडेंशियल केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों पर पूरे प्रदेश से चयनित लगभग 400 विद्यार्थियों को छात्रावास में रखकर और अधिक गहन, अनुशासित एवं केंद्रित शैक्षणिक तैयारी कराई जाएगी।
ये है मकसद
मिशन बुनियाद कार्यक्रम की शुरुआत वर्ष 2022 में हरियाणा सरकार द्वारा की गई थी। इसका उद्देश्य सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों की शैक्षणिक बुनियाद को मजबूत करना और उनमें प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का विकास करना है। कार्यक्रम का लक्ष्य विद्यार्थियों को भविष्य की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं चाहे वे विज्ञान, वाणिज्य या अन्य किसी भी विषय से संबंधित हों, के लिए तैयार करना है, ताकि उन्हें समान अवसर मिल सकें। इस योजना में विशेष रूप से गणित और विज्ञान विषयों की क्षमता विकसित करने पर अतिरिक्त जोर दिया जाता है।
जिला कैथल के टॉप-3 विद्यार्थी
साहिल, आरोही मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, ग्योंग
जिला रैंक – 1, स्टेट रैंक – 53
जसिका, राजकीय कन्या हाई स्कूल, मटौर
जिला रैंक – 2, स्टेट रैंक – 142
अन्तिमा, राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, क्योडक
जिला रैंक – 3, स्टेट रैंक – 189
जिला कैथल के टॉप-3 विद्यालय
(जहाँ से सर्वाधिक विद्यार्थियों ने लेवल-1 परीक्षा उत्तीर्ण की)
राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कैथल – 33 विद्यार्थी
राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, चीका – 32 विद्यार्थी
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, भागल – 27 विद्यार्थी
ये कहते अधिकारी
जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष कुमार ने बताया कि मिशन बुनियाद एक अनूठा और तकनीक आधारित शैक्षणिक मॉडल है। इसमें विद्यार्थी डिजिटल व सैटेलाइट क्लासरूम के माध्यम से विशेषज्ञ शिक्षकों से सीधे जुड़ते हैं, प्रश्न पूछते हैं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करते हैं। वर्तमान में प्रदेश के 103 मिशन बुनियाद केंद्रों पर विद्यार्थी एक साथ अध्ययन कर रहे हैं, जिससे राज्य स्तर पर प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित हो रही है। चयनित विद्यार्थियों को हरियाणा सरकार द्वारा यात्रा सुविधा, पाठ्यपुस्तकें, शैक्षणिक सहयोग और स्कूल शुल्क में छूट जैसी सुविधाएं भी प्रदान की जाती हैं।