संवाद न्यूज एजेंसी
पूंडरी। हरिद्वार में आयोजित डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स प्रतियोगिता में डीएवी पब्लिक स्कूल पूंडरी के होनहार क्रिकेट खिलाड़ी स्वयं कौशिक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम को राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान दिलाकर स्कूल, क्षेत्र और जिले का नाम रोशन किया।
यह प्रतियोगिता 6 से 8 जनवरी तक हरिद्वार के देवपुरा स्थित क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित की गई, जिसमें देशभर से डीएवी स्कूलों की क्रिकेट टीमों ने भाग लिया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान स्वयं कौशिक ने अनुशासित खेल, बेहतरीन तकनीक का परिचय देते हुए कई अहम मौकों पर टीम को मजबूती प्रदान की। उनके प्रदर्शन की बदौलत टीम ने फाइनल मुकाबले में भी शानदार जीत दर्ज की और खिताब अपने नाम किया। स्वयं की इस उपलब्धि से न केवल विद्यालय बल्कि क्षेत्र के खेल प्रेमियों में भी खुशी की लहर है।
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या साधना बख्शी ने स्वयं कौशिक को उनकी इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी और कहा कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने स्वयं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा और सभी ने स्वयं कौशिक की सफलता पर गर्व व्यक्त किया।