कपास की फसल के मुआवजे को लेकर अखिल भारतीय किसान सभा द्वारा लघु सचिवालय में दिया गया धरना 16वें दिन भी जारी रहा। वीरवार को कोलेखां गांव के किसान धरने पर बैठे। धरने की अध्यक्षता किसान सभा ब्लॉक कमेटी कैथल-कलायत के ब्लॉक प्रधान रामकुमार नंबरदार गुलियाना ने की।
किसानों को संबोधित करते हुए किसान सभा के जिला प्रधान महेंद्र सिंह ने जिला प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि जिला प्रशासन किसानों की मांगों की लगातार अनदेखी कर रहा है। बार बार प्रदर्शन करने के बाद 16 दिन से धरना चलने के बाद भी जिला प्रशासन ने मुआवजा जारी नही किया। जबकि किसानों ने 67 दिन के संघर्ष के बाद यह मुआवजा सरकार से लिया है और जो की किसानों का हक है। जहां पर मुआवजा बांटा भी गया वह भी संतोषजनक नही है। राजौंद ब्लॉक में साढ़े 14 करोड़ एपीआर बनाई है। यह प्रशासन का असंवेदनशील रवैया है। उन्होंने मौजूदा सरकार और जिला प्रशासन को किसान विरोधी करार दिया है। धरने पर नौजवान सभा के जिला सचिव कुलदीप और कोषाध्यक्ष रुस्तम ने किसानों के आंदोलन को समर्थन दिया। धरने पर महावीर कोलेखां, हवा सिंह, राजबीर कोलेखां, बलकार कोलेखां, शीशपाल कोलेखां, मांगेराम किठाना, आभे राम कसान, श्रीपाल खेड़ी सिंबल सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे।