सीवन। बाबा खाटू श्याम परिवार सीवन की ओर से आयोजित 15वीं दो दिवसीय धार्मिक बस यात्रा रविवार सुबह श्री बाबा खाटू श्याम जी, श्री शिव बाबा जी एवं श्री सालासर बालाजी धाम के लिए रवाना हुई। बस को भाजपा के वरिष्ठ नेता रवि तारांवली ने श्री श्याम ध्वजा दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर उन्होंने श्रद्धालुओं व समिति के सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में संस्कार, एकता और सेवा की भावना को मजबूत करते हैं। बस रवाना होने से पूर्व पंडित बिट्टू शर्मा ने मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना करवाई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने श्री सालासर बालाजी की जय व श्री बाबा श्याम जी की जय जैसे जयकारों से संपूर्ण वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इस धार्मिक बस यात्रा की अध्यक्षता संस्था के प्रधान और पार्षद संजय कंसल ने की। उन्होंने बताया कि यह यात्रा पूरी तरह सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धा से परिपूर्ण है। भोजन, आवास, चिकित्सा सुविधा और यात्रा मार्ग की पूरी व्यवस्था संगठन की ओर से की गई है।
उप-प्रधान सोनू सैनी, संरक्षक मनोज गिरधर और नरेश आहूजा ने बताया कि यह दो दिवसीय धार्मिक बस यात्रा श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक उन्नति, भक्ति भाव और सामाजिक समरसता का अनुभव करवाएगी। यात्रा के दौरान भक्तजन भजन-कीर्तन, सत्संग व अन्य धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे, जिससे उनका दिल और आत्मा दोनों शुद्ध होंगे।
उन्होंने बताया कि इस धार्मिक बस यात्रा में जो श्रद्धालु भाग ले रहे हैं वे राजस्थान के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों, श्री बाबा खाटू श्याम , श्री शिव बाबा और श्री सालासर बालाजी धाम के दर्शन करेंगे। इस अवसर पर प्रधान संजय कंसल, बिंदू मिड्ढा, डब्बू वर्मा, संजू पंसारी, चिमनलाल गर्ग, नीरज आदि मौजूद रहे।