राजौंद। गांव किठाना में गाला पट्टी चौपाल में पिछले चार दिनों से पानी न मिलने से खफा लोगों ने रोष जताया। लोगों का आरोप है कि गाला पट्टी वाला सरकारी बुस्टर की मोटर चार दिन से खराब पड़ी है। जिससे उन्हें 46 डिग्री के इस तापमान में पानी की एक एक बूंद के लिए दर दर भटकना पड़ रहा है। इस बारे महिला नन्ही, अंगूरी, माया, रोशनी, जगमति, धनपति, मुकेश रानी, भतेरी, कान्ता, राजबाला ने बताया कि पिछले चार दिनों से सरकारी बुस्टर की मोटर खराब है वह बार बार कर्मचारियों को कह चुके है, लेकिन उनकी कहीं सुनवाई नही हो रही। इन महिलाओं ने बताया कि वह गर्मी के इस मौसम में पानी के बिना एक पल भी नही रहा जा सकता। ऐसे में उन्हें पानी के लिए दर दर भटकना पड़ रहा है। कई लोग तो बुग्गी झोंटा के साथ खेतों में पानी लाने को विवश हो रहे है। भीषण गर्मी के मौसम में ग्रामीण प्यास के मारे त्राही त्राही कर रहे हैं। लेकिन विभाग इस ओर लंबी तान कर सोया हुआ है। महिलाओं ने कहा है कि यदि शीघ्र पानी की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह सडक़ों पर उतरकर प्रदर्शन करने को मजबूर होंगी। एसडीओ कर्मबीर सिंह ने बताया कि आज ही सरपंच का फोन आया था और मैने तुरंत ठेकेदार को मोटर बदलने के लिए कह दिया है। जल्दी ही मोटर ठीक करवा दी जाएगी।