राजौंद। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र लोगों को एक वर्ष बीत जाने के बाद भी पहली किश्त भी जारी नही हुई, जिसे लेकर लोगों ने रोष प्रकट किया। लोगों का आरोप है कि पहले उनके मकान गिरवा दिए गए व कई वर्ष बीत जाने के बाद भी पात्र लोगों को पहली किश्त तक जारी नही की गई। जिससे लोग गर्मी की इस तपिश को खुले आसमान के नीचे सहने को मजबूर है। आलम यह है कि लोगों ने अपने पुराने मकान गिराकर नींव तक भर दी गई। लेकिन उन्हें आज तक पहली किश्त जारी नही की गई। लीलावती, नरेश कुमार, सतपाल, राम कुमार, मम्मो, सुभाष, रोशनी, राम किशन, सुरेंद्र सिंह, टेकचंद, शिवांगी, सुरेश कश्यप, अशोक, विकास ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उन्हें उम्मीद जागी थी कि अब उन्हें पक्के मकान मिलेंगे। लेकिन अभी तक उन्हें इस योजना के तहत पहली किश्त भी जारी नही हुई। जबकि वह अपने पुराने मकान भी गिराकर ब्याज से पैसे लेकर नींव भी भर चुके है, लेकिन उन्हें पहली किश्त जारी नही हो रही। इन लोगों ने मांग करते हुए कहा कि इस योजना के तहत उन्हें पहली किश्त जारी की जाए। ताकि अधूरे पड़े मकानों को पूरा किया जा सके।
इस बारे में नगरपालिका चेयरमैन गुड्डी राणा ने बताया कि 83 लोगों की पहली किश्त दी जा चुकी है। 100 पात्र लोगों की सूची भेजी हुई है, 100 लोगों की सूची अगले सप्ताह भेजेंगे। जल्दी ही इन लोगों के खातों में पहली किश्त के पैसे डलवा दिए जाएंगे।