कलायत। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान कलायत में मंगलवार को रोजगार मेला आयोजित किया गया। कंपनी प्रतिनिधियों का कैंपस में प्रधानाचार्य अशोक गोयल ने स्वागत किया। रोजगार मेले में मेराथन इलेक्ट्रिक प्राइवेट लिमिटेड फरीदाबाद, एशिन आटोमोटिव प्राइवेट लिमिटेड अहमदाबाद व फेम इंडस्ट्रीज अलवर के प्रतिनिधियों ने छात्रों का साक्षात्कार लिया। रोजगार मेले में विभिन्न व्यवसाय के कोर्सों में पारंगत हुए सैकड़ों छात्रों ने साक्षात्कार दिया जिसमें से 27 छात्रों को शार्ट लिस्ट किया गया। प्रधानाचार्य अशोक गोयल ने पास आउट हुए छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाला स्वर्णिम भविष्य आप लोगों के बांह पसारे खड़ा है। आईटीआई से आप लोग अपने अपने कोर्स में पारंगत होकर निकले हैं। स्किल इंडिया के तहत देश में रोजगार की कहीं कोई कमी नहीं बस जरूरत है अपनी प्रतिभा के बेहतरीन प्रदर्शन की। उन्होंने कहा कि आईटीआई में ही पास आउट हुए छात्र छात्राओं के लिए रोजगार मेले का आयोजन किया गया है जिसमें वे लोग बेझिझक होकर साक्षात्कार को फेस करें। इस मौके पर वर्ग अनुदेशक कर्म चंद, रमेश कुमार, आनंद कुमार, विक्रम सिंह, प्रमोद कुमार व अनुदेशक जोगेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।