कलायत। कलायत जन स्वास्थ्य विभाग कार्यालय में पंप आपरेटर पद पर कार्यरत कर्मचारी सुरजीत ने कार्यालय के ही एक कमरे में फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी चन्द्रभान शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचा। कर्मी गांव कुराड़ का रहने वाला था।
मृतक के पिता ज्ञानी राम ने बताया कि वह सुबह करीब साढ़े सात बजे टिफन में खाना लेकर ड्यूटी पर गया था। बाद उन्हें घटना की सूचना मिली। कर्मी ने एसडीओ कार्यालय के खंडहर हुए भवन में पंखे पर फंदा लगाकर फांसी लगाई। फांसी पर झूलने के लिए उसने मेज का सहारा लिया। घटना स्थल से मोबाइल और एक धार्मिक संस्था को दान में दी गई राशि की पर्ची मिली। घटना के सार्वजनिक होते ही नगर में सनसनी फैल गई। जन स्वास्थ्य विभाग परिसर में सरकारी अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ-साथ आम लोगों की भीड जमा थी।
मिलनसार और हंसमुख था सुरजीत
पिता ज्ञानी राम ने बताया कि 32 वर्षीय बेटा हमेशा हंसमुख रहता था। फिलहाल उसकी शादी नहीं हुई थी। बड़ा और छोटा भाई भी अविवाहित है। कुछ दिन पहले ही घर के सौंदर्यकरण के लिए निर्माण सामग्री भी डलवाई थी। उन्हें नहीं मालूम था कि सबका प्यारा सुरजीत ऐसे मौत को गले लगा लेगा। घटना को लेकर परिवार व इलाके में मातम है।
जांच में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी चन्द्रभान शर्मा ने बताया कि घटना का बारीकी से पुलिस टीम ने मुआयना किया है। घटना स्थल से कोई सुसाइड नोट व अन्य संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। बावजूद इसके पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है।