राजकीय कन्या विद्यालय में दो परीक्षार्थियों की उत्तर पुस्तिका की प्रतियां लापता
- पुलिस ने प्रिंसिपल की शिकायत पर दर्ज की लापता की रिपोर्ट, सूचना मिलते ही एसपी-डीसी पहुंचे स्कूल व थाने में
सीसीटीवी फुटेज में प्रतियां देते हुए दिख रहे थे दोनों परीक्षार्थी, पूछताछ के बाद दोनों को पुलिस ने छोड़ा
एक घंटे तक मचा रहा विद्यालय में हड़कंप
फोटो संख्या-18 से 20 व 25
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में स्थित परीक्षा केंद्र से दो परीक्षार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं की प्रतियां गुम हो गई। परीक्षा देकर केंद्र से निकल गए दोनों परीक्षार्थियों को बुलाया गया। जब सीसीटीवी फुटेज में देखकर एसपी व डीसी ने सुनिश्चित कर लिया कि दोनों ये प्रतियां देकर निकले थे और प्रतियां स्कूल में ही लापता हुई हैं, तो दोनों युवकों को जाने दिया गया और गुमशुदगी की रपट दर्ज कर ली गई। सूचना मिलते ही एसपी व डीसी भी स्कूल व थाने में पहुंचे।
दादरी से ग्रुप-डी की परीक्षा देने के लिए आए सचिन ने बताया कि उसके आगे के परीक्षार्थी रोहतक के कुमारिया गांव निवासी संदीप कुमार को परीक्षा केंद्र से सुबह के सत्र की परीक्षा के बाद वापस बुलाया गया। उसे फोन करके केंद्र से कहा गया कि वह अपना कुछ सामान भूल गया है। जब उसने कहा कि वह कोई सामान नहीं भूला है। तो केंद्र से बताया गया कि वह उत्तर पुस्तिका की प्रतियां अपने साथ ले गया है। इसलिए वापस केंद्र में पहुंचे। इसी बीच दो व्यक्ति उसके बताए पते पर पहुंचे और उसे बाइक पर बैठाकर स्कूल ले गए। जहां उसने बताया कि वह अच्छे से अपनी उत्तर पुस्तिका अध्यापिका को देकर गया था। इसी तरह संदीप ने भी कहा कि वह भी उत्तर पुस्तिका की दो प्रतियां अध्यापिका को दे गया था।
इसके बाद दोनों को थाना शहर में ले जाया गया। जहां एसपी आस्था मोदी व डीसी धर्मवीर सिंह भी पहुंचे। एसपी ने तुरंत परीक्षा केंद्र में सीसीटीवी फुटेज देखने के निर्देश दिए। जिसमें दोनों युवक अपनी प्रतियां देते हुए दिख रहे हैं। इसके बाद एसपी के निर्देश पर उन दोनों को जाने दिया गया और पुलिस ने परीक्षा केंद्र अधीक्षक रामपाल की सूचना पर दोनों की उत्तर पुस्तिका की एक-एक प्रति के लापता होने की गुमशुदगी की रपट दर्ज कर ली। परीक्षा के बाद उम्मीदवार को मिलने वाली प्रति को केंद्र अधीक्षक ने बोर्ड के रिकॉर्ड के लिए दोनों से जमा करवा लिया।
एसडीएम कमलप्रीत कौर ने बताया कि उत्तर पुस्तिका की प्रति गुम होने पर रपट दर्ज करवा दी गई है।