खंडहर भवन की दीवार गिरी, बुआ की मौत, भतीजा व भतीजी घायल
- गांव बाबा लदाना में हुआ हादसा, भतीजा व भतीजी को लेकर घर से घूमने निकली थी महिला
फोटो संख्या-20, 21,
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। गांव बाबा लदाना में खंडहर भवन की दीवार गिरने से उसके नीचे एक महिला भतीजी व भतीजे के साथ दब गई। जिसमें महिला की मौत हो गई। वहीं दोनों बच्चे घायल हो गए। घायलों में लड़की को एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। सूचना मिलने पर हरियाणा सरकार के एक ओर सुधार प्रोजेक्ट के डायरेक्टर रॉकी मित्तल ने गांव का दौरा किया व परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने सरकार की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिलवाया। इसके बाद वे निजी अस्पताल में दाखिल घायल बच्ची से भी मिले।
गांव बाबा लदाना निवासी संजय कुमार ने बताया कि गांव में करीब 25 साल की कविता पुत्री पूर्ण चंद मायके में ही रह रही थी। वह अपनी भतीजी अंजली (2) पुत्री कृष्ण व सूरज (5) पुत्र संदीप के साथ शनिवार शाम घूमने के लिए गई थी। जहां एक खंडहर भवन की दीवार उन पर जा गिरी। जिसमें कविता की मौत हो गई। जबकि दोनों बच्चों को चोटें आई हैं। घायल अंजली को निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। घटना के बाद परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।