बिजली बिलों में अनियमितता पर भड़के लोग
फोटो नंबर-37
अमर उजाला ब्यूरो
कलायत। बिजली विभाग द्वारा बिलों में अनियमितता से उपभोक्ता भड़क उठे। जिस कारण उन्होंने बिजली निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान उन्होंने बिजली निगम कर्मचारियों पर मनमानी किए जाने का भी आरोप लगाया। राजकुमार, रघुबीर, रामदिया, जोगेंद्र, रमेश, तरसेम, महेंद्र, धन्नो, नीलम, दर्शना व कैलाशो ने कहा कि बिजली निगम द्वारा भारी भरकम बिल उन्हें थमाए जा रहे हैं। जबकि कर्मचारियों द्वारा समय पर मीटर रीडिंग नहीं ली जाती।
उन्होंने कहा कि कई बार उन्हें बिल जमा करने की निर्धारित तारीख के बाद ही बिजली बिल मिल पाते हैं जिसके कारण उन्हें जुर्माना अदा करना पड़ रहा है। इसके अलावा जो बिल थमाए जा रहे हैं वे मीटर रीडिंग के हिसाब से मेल ही नहीं खा रहे। महिलाओं ने कहा कि निगम द्वारा 5 हजार से लेकर करीब 4-4 हजार तक के बिल उन्हें थमाए गए हैं। जबकि उन्होंने इतनी बिजली प्रयोग ही नहीं की।
बिजली निगम के उपमंडल अभियंता बीबी काला का कहना है कि जिस भी उपभोक्ता के बिलों में किसी भी प्रकार की अनियमितता है उसके बारे में वे लिखित में शिकायत दर्ज करवाएं। उनके बिल दुरुस्त करवा दिए जाएंगे। जहां तक मीटर रीडिंगका सवाल है उसमें पारदर्शिता लाई जा रही है। ताकि उपभोक्ता द्वारा खपत की गई बिजली का बिल ही उसके पास पहुंचे। इस माह में जो बिल जमा करवाए जाने है वे हाल ही में निगम कार्यालय में पहुंचे हैं। जिनका वितरण सोमवार से शुरू किया जा रहा है।