पांच दिनों में करीब आठ करोड़ का कारोबार प्रभावित
चौक चौराहों पर बढ़ी रौनक, लोगों ने किया बाजारों की ओर रुख, स्थिति सामान्य
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। डेरा प्रमुख को दोषी ठहराये जाने से लेकर सजा सुनाए जाने तक शहर के बाजारों में सन्नाटा छाया रहा। इस दौरान करीब आठ करोड़ का व्यापार प्रभावित हुआ। लेकिन मंगलवार को स्थिति सामान्य होने से बाजार खुले और लोग खरीदारी के लिए निकले। इन पांच दिनों में शहर के सभी चौक-चौराहे सुनसान हो गए थे। जिला प्रशासन ने हिंसा के मद्देनजर स्थिति को काबू में रखने के लिए दो दिनों तक कर्फ्यू भी लगाए रखा था। जिस कारण शहर के बाजारों में सन्नाटा रहा। हालांकि फैसले के दूसरे दिन शहर के चौकों पर रौनक बढ़ी और शहर में फैला सन्नाटा दूर हुआ। मंगलवार को जिले के सभी शिक्षण संस्थान व कार्यालय भी नियमित रूप से खुले जिसके कारण पिछले कुछ दिनों से शांत हुए माहौल में दोबारा रौनक लौटी।
डेरा प्रकरण के कारण बाजारों के बंद होने के कारण जहां लोगों को खरीदारी करना परेशानी का सबब बना वहीं दुकानदारों व व्यापारी भी इस नुकसान से अछूते नहीं रहे। जिला प्रशासन हिंसा न फैले इसलिए शहर में दो दिनों तक कर्फ्यू लगा दिया था। जिसमें उन्हें करीब पांच करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। लेकिन इसके बाद फैसला आने तक बाजार में कुछ दुकानें खुली और अधिकतर बंद रही। जिस कारण ग्राहकों का इस ओर रुख नहीं के बराबर रहा। हालांकि फैसला आने से पहले दो दिनों तक लोगों के घरों में दुबके रहने के कारण कुल पांच दिनों में कुल आठ करोड़ रुपये के व्यापार का नुकसान हुआ है।
एटीएम में डाले गए पैसे, लोगों की रही भीड़
डेरा प्रकरण के चलते पिछले पांच दिनों से बैंक प्रबंधन समिति ने भी सुरक्षा के मद्देनजर जिला के सभी एटीएम को बंद रखा था। जिस कारण लोग रुपये निकालने के लिए तरस गए थे। पांच दिनों बाद एटीएम में रुपये डाले गए जिससे यहां भीड़ रही। लोग पूरा दिन नकदी निकालते देखे गए।