बिजली बिल भरने में अब नहीं होगी टेंशन
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। यदि आपको बिजली बिल भरने के लिए अपना काम छोड़ना पड़ता है, विभाग के तय समय अनुसार सुबह 10 से 1 व 2 से 3 बजे तक बिजली बिल जमा करवाने के लिए जाने में परेशानी है तो आपको अब इस परेशानी से शीघ्र मुक्ति मिल जाएगी। विभाग ने अब एक एजेंसी को बिल एकत्रित करने का ठेका दे दिया है। जिस पर एजेंसी ने गांव व शहर में अपने एजेंट बना दिए हैं। जहां निशुल्क बिल जमा करवाया जा सकता है।
अभी तय समय पर ही हो पाता है बिल जमा : बिजली विभाग में डिविजन अनुसार अभी तय समय पर ही बिजली बिल जमा हो पाता है। इसके लिए उपभोक्ता को विभाग के निर्धारित डिविजन कार्यालय में जाकर 10 बजे से 1 बजे तक व बाद दोपहर 2 से 3 बजे तक ही नकद जमा करवाने की व्यवस्था थी। कई बार लोगों को अपना काम धंधा छोड़कर बिजली बिल भरने के लिए जाना पड़ता है। वहीं छुट्टी के दिन ये कार्यालय भी बंद रहता है। जिससे बिजली बिल भरने में परेशानी आती थी।
10 बजे से 6 बजे तक निर्धारित किया गया है समय : अब एजेंसी द्वारा बनाए गए बिल कलेक्शन केंद्रों पर सुबह 10 बजे से 6 बजे तक बिजली बिल भरे जा सकेंगे। सरकार द्वारा एजेंसी को प्रति बिल 4 रुपये का भुगतान किया जाएगा। शहर में वार्ड नंबर 14 में सुभाष नगर, लघु सचिवालय के निकट मोबाइल की दुकान, अर्जुन नगर में एक्सि बैंक के सामने, करनाल रोड पर जाट स्कूल गेट नंबर 2 के निकट किताब दुकान, सीवन रोड अंबेडकर चौक पर एक दुकान, न्यू करनाल रोड पर अमरगढ़ गामड़ी के निकट, वार्ड नंबर 11 में भगत सिंह कालोनी दादा खेड़ा के निकट, आरकेएसडी कॉलेज के निकट इंटरनेट की दुकान, अमरगढ़ गामड़ी में नेशनल स्कूल के निकट, जैन अस्पताल के निकट ढांड रोड पर, चंदाना गेट पर पंचमाता के निकट, तलाई बाजार में जाहनिया मोहल्ला, जींद रोड पर अग्रवाल धर्मशाला के निकट, सेक्टर 19 की मुख्य मार्केट, डिफेंस कालोनी में गली नंबर 2, खुराना रोड पर खल दुकान के निकट बिल कलेक्शन सेंटर बनाया गया है। इसके अलावा जिले के सभी गांवों में भी ऐसे केंद्र बनाए जाएंगे।
विभाग के अधीक्षक अभियंता आरके तेवतिया ने बताया कि लोगों को बिल भरने के लिए विभाग के कार्यालय में आना पड़ता है। जहां कई बार देर होने पर वे बिल जमा नहीं करवा पाते। अब एक एजेंसी को ठेका दिया गया है। जो बिल भरवाएगी। इसके लिए लोगों के घरों के निकट ही बिल भरने की सुविधा दी जा रही है। ताकि उन्हें विभाग के चक्कर ना काटने पड़ें। सुबह 10 बजे से 6 बजे तक बिल भरे जा सकते हैं।