कैथल। जाट समाज के शासक महाराजा सूरजमल के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में एक निजी पैलेस में आयोजित कार्यक्रम “हमारे बुजुर्ग, हमारी विरासत–हमारी धरोहर” में 151 बुजुर्गों का सम्मान किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे कैबिनेट मंत्री महिपाल ढांडा ने महाराजा सूरजमल के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की मजबूती उसके बुजुर्गों के अनुभव, संस्कार और आशीर्वाद से ही संभव होती है।
संयुक्त परिवार व्यवस्था को भारतीय संस्कृति की शक्ति बताते हुए उन्होंने कहा कि जो समाज अपने बुजुर्गों का सम्मान करता है, वही निरंतर प्रगति की राह पर आगे बढ़ता है। महिपाल ढांडा ने समाज हित में 11 लाख रुपये की सहयोग राशि देने की घोषणा की।
महाराजा सूरजमल समिति के प्रधान भीम सिंह कुलतारण ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज की जड़ों को मजबूत करते हैं और नई पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ने का कार्य करते हैं। कार्यक्रम के दौरान महाराजा सूरजमल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके बलिदान और पराक्रम को नमन किया गया।षजसवीर चंदाना और राजेश नैन ने कहा कि यह आयोजन समाज में एकता, पारस्परिक सम्मान और सांस्कृतिक जागरूकता का संदेश देने वाला ऐतिहासिक कदम है। समारोह में संस्था की ओर से 151 बुजुर्गों को शॉल, चादर और स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। मंच संचालन ईश्वर ढांडा और सत्यवान माजरा ने किया।