कलायत। शाम के समय रोडवेज की बसों के बस स्टैंड न आने के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नरेश वर्मा, सतप्रकाश, गुरुदयाल, सरोज, इशानी, प्रीति ने बताया कि शाम के समय वे लोग चंडीगढ़ जाने के लिए बस की प्रतीक्षा में थे। शाम को जितनी भी बसें आई वे बस स्टैंड के अंदर न आकर बाहर से ही सवारियां उतार कर चलती बनी। चंडीगढ़, हिसार व सिरसा की बसें ही शाम के समय आती हैं। वे लोग बस की इंतजार में रहे पर लगभग सभी सभी बसें बाहर से ही निकल गई जिसके कारण से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस बारे में जब बस स्टैंड जाकर सूचना हासिल की गई तो पता चला की अड्डा इंचार्ज पिछले कई दिनों से बीमार होने के कारण छुट्टी पर हैं। अड्डा इंचार्ज सभी रूटों से आने वाली बसों की अपने रजिस्टर में इंट्री करता है। इंचार्ज न होने के कारण बसों के चालक मनमर्जी पर उतारू हैं जिसका खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। यात्री सुरेश कुमार, राजेंद्र, सतीश, अमित कुमार आदी का कहना है कि बस स्टैंड पर सुविधाओं का पूरी तरह से अभाव है। अधिकांश पंखे खराब होने के कारण से गर्मी के समय में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बस स्टैंड के दोनों गेटों व भवन के ऊपर लगाए गए फ्लेक्स पूरी तरह से फट चुके हैं केवल मात्र फ्रेम ही बाकी बचे हैं। कलायत के बस स्टैंड पर हिसार, सिरसा, राजस्थान, टोहाना, चंडीगढ़, करनाल, यमुनानगर, हरिद्वार आदी के लिए प्रतिदिन करीब 233 बसें आती हैं। बस स्टैंड पर बसों के आवागमन के समय की जानकारी देने के लिए कोई समय सारिणी भी बस स्टैंड पर नहीं है।
समस्याओं को लेकर जीएम रोडवेज रामकुमार से बात की गई तो उन्होंने बताया कि बसों के बस स्टैंड में प्रवेश न करने की उनके पास कोई शिकायत नही आई। समस्या का अब पता लगा है तो वे बुधवार को संबंधित डिपो के प्रबंधकों से बात करके बसों की बस स्टैंड के अंदर आना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि सायंकाल के समय में अधिकांश बसें दूसरे डिपो की ही आती हैं। बुधवार के बाद इस तरह की समस्या किसी यात्री को नही आने दी जाएगी।