ढांड। सरकार द्वारा किसानों का दाना-दाना खरीदने के दावे फेल होते जा रहे है। मंडियों में बारदाने के लिए हाहाकार मची है। सरकार अपनी साख बचाने के लिए चुनावों में व्यस्त है। ऐसे में किसानों की सुध लेने वाला कोई नहीं है।
सरकारी खरीद एजेंसियां आढ़तियों द्वारा बारदाना मांगने पर एक ही जवाब देती है कि हमारे पास जो बारदाना आया था उसको हमने बांट दिया है। जब भी ऊपर से बारदाना आएगा तभी दिया जाएगा। इससे एक बात तो साफ जाहिर होती है कि सरकार ने सीजन से पहले गेहूं की खरीद के लिए कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए हैं। किसान बलजीत सिंह, जगदीश, अवतार सिंह, बलकार सिंह, प्रेम, राम कुमार, सुरेश कुमार, साहिल, राम रत्न, देवेंद्र, हरिकेश सहित अनेकों किसानों ने बताया कि उनकी गेहूं तारे बिक गई लेकिन भराई के लिए आढ़ती के पास बारदाना ही नहीं है। जब आढ़ती को तोलने के लिए कहते हैं तो आढ़ती खरीद एजेंसी द्वारा बारदाना मुहैया नहीं करवाए जाने की बात कहता है। सीजन के दौरान खेतों का सारा कामकाज छोड़कर मंडियों में गेहूं की रखवाली के लिए दिनरात भूखे प्यासे बैठे हैं। लेकिन आज तक ऐजेंसियों द्वारा एक भी बोरी मंडी में मुहैया नहीं करवाई गई है। किसानों व आढ़तियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि गेहूं तुलाई के लिए मंडियों में तुरंत बारदाना पहुंचाया जाए।
खाद्य एवं आपूर्ति इंस्पेक्टर ढांड प्रजा सिंह ने बताया कि उनकी एजेंसी द्वारा सप्ताह में 3 दिन मंडी से गेहूं की खरीद की जाती है। मंडी में 2 लाख 75 हजार खाली कट्टे आढ़तियों को वितरित किए जा चुके हैं। जिसमें से 19 अप्रैल तक एजेंसी द्वारा 2 लाख 35 हजार कट्टों की खरीद की जा चुकी है। आढ़ती और अधिक बारदाने की मांग कर रहे हैं। आढ़तियों की मांग जायज है। लेकिन एजेंसी के पास बारदाना नहीं है। उच्चाधिकारियों को बारदाने की समस्या के लिए अवगत करवा दिया गया है। जैसे ही बारदाना आएगा तुरंत आढ़तियों को बुलाकर वितरित कर दिया जाएगा। हैफेड मैनेजर संदीप कल्याण ने बताया कि सीजन के दौरान 2 लाख खाली कट्टे मंडी में भराई के लिए बांट दिए गए हैं। जिसमें से 2 लाख कट्टों की भराई की जा चुकी है।
सूत्रों से ज्ञात हुआ है कि जिला कैथल में वेयर हाउस के गोदाम बारदाने से लबालब भरे हुए हैं। जबकि जिले की लगभग सभी मंडियों में बारदाने की भारी किल्लत के चलते किसान व आढ़ती परेशान हैं। जिला प्रशासन अगर थोड़ी सी दिलचस्पी ले तो वेयरहाउस से जिला की मंडियों में बारदाना मुहैया करवाकर समस्या से छुटकारा पाया जा सकता है।