ग्रामीणों को रोडवेज बस का इंतजार
फोटो नंबर-34
राजौंद। खंड के गांव मंडवाल के ग्रामीणों को रोडवेज की सरकारी बस का बेसब्री से इंतजार है। चाहे ग्रामीण हो या स्कूली छात्र-छात्राएं, गर्मी-सर्दी व बरसात में गांव से पांच किलोमीटर का सफर तय कर बसें पकड़ते है। गांव में यातायात की हालत को देखते हुए गांव मंडवाल क्षेत्र के अन्य गांवों से काफी पिछड़ा हुआ है। ग्रामीणों को पैदल सफर करते देख आजादी से पहले के भारत की तस्वीर की याद ताजा हो जाती है। इतना ही नहीं गांव में बस न आने की कमी का खामियाजा छात्र-छात्राओं को भी भुगतना पड़ता है। मौसम चाहे कोई भी क्यों न हो गांव के बड़ी कक्षाओं में जाने वाले छात्र छात्राओं को अक्सर देर हो जाती है। जिससे कई बार उन्हें बिना स्कूल गए ही घर लौटना पड़ता है। इतना ही नही अगर कोई गरीब परिवार से बीमार व्यक्ति को दवाई लेने जाना हो तो उसके लिए कोई भी साधन आने के लिए नहीं है। ग्रामीण कुलदीप मंडवाल, जगजीवन, रिंकू, डा बलजीत, सतनाम, बलिंद्र मंडवाल ने गांव में बस चलाने के लिए प्रशासन से मांग की है।