यहां भी भगवान भरोसे ही बच्चों की सुरक्षा, 31 वाहनों का चालान
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। इन दिनों गुरुग्राम में प्रद्युमभन का मर्डर सुर्खियों में है, मगर कैथल में भी स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा के इंतजाम पूरे नजर नहीं आ रहे हैं। गुरुग्राम के स्कूल में बच्चे की हत्या के बाद मंगलवार ट्रैफिक पुलिस की नींद खुली तो हकीकत सामने आई। पुलिस ने स्कूल वाहनों में सुरक्षा मानकों की जांच की। जिसमें बसों में नियमाें का उल्लंघन होता मिला। इस दरम्यान करीब 31 स्कूल वाहनों के चालान किए गए।
यातायात पुलिस की टीम मंगलवार सुबह ही ढांड रोड पर हुडा चौक के निकट चेकिंग शुरू की। यहां चारों ओर से आने वाले स्कूल वाहनों को रुकवाकर उनकी जांच की गई। कई बसों में ड्राइवर नेम प्लेट नहीं लगाए हुए थे। कई में चालक ने सीट बेल्ट नहीं लगाई हुई थी तो कई ने वर्दी ही नहीं पहनी थीं। कुछेक बसों में तो सहायक भी नहीं थे। इसके अलावा कई बसों में बच्चों की संख्या तय मानकों से ज्यादा थी। इसके अलावा कई स्कूल वैन चालक अन्य नियमों की अनदेखी कर रहे थे। जिनके चालान किए गए।
कई वाहन चालकों ने बदले रास्ते
पुलिस द्वारा जांच अभियान को देखते हुए स्कूल वाहन चालक अपने वाहनों को आस-पास की गलियों से निकालते हुए नजर आए। कई स्कूल वाहन चालक वाहनों को वापस ही मोड़ कर ले गए। सुबह से ही यह सूचना शहर में फैल गई थी। मंगलवार को ढांड रोड पर दो चौकों पर यह अभियान चला। जहां से अधिकतर बड़े स्कूलों की बसें गुजरती हैं। टीम इंचार्ज राजेंद्र सिंह ने बताया कि मंगलवार को कुल 31 वाहनों के चालान किए गए। जिनमें 5 बसों के चालान भी शामिल हैं। इन बसों में वाहन चालक नियमों का उल्लंघन कर रहे थे।