शहर में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए चौबीस चौराहों पर सीसी टीवी से होगी निगरानी
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। अक्सर बड़ी वारदातों मेें जरूरत के समय काम ना आने पर शहर के 24 चौक-चौराहें पर लगे सीसीटीवी कैमरों से अलग अब पुलिस शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। साथ ही ट्रैफिक लाइट के लिए भी प्रशासनिक अधिकारियों से बात की जाएगी। हरियाणा के पुलिस महानिदेशक बीएस संधू ने लघु सचिवालय स्थित कान्फ्रेंस हाल में पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी। बताया कि कैथल थाना शहर सहित तितरम पुलिस थानों के लिए भवन बनाए जाएंगे। पूरे प्रदेश में 40 पुलिस थाने भवन बनाए जा रहे हैं। जिसमें कैथल के भी वे सभी पुलिस थाने शामिल हैं। जिनके अपने भवन नहीं हैं।
डीजीपी ने बताया कि कैथल जिले में डायल-100 योजना के तहत प्रत्येक थाने के लिए दो पीसीआर दी जा रही हैं। जो पंचकूला में बनाए जा रहे केंद्रीय डायल-100 के तहत काम करेंगी। 100 नंबर पर आने वाली सूचनाएं कंट्रोल रूम से संबंधित पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ उस एरिया में घूम रही उक्त पीसीआर को दी जाएगी। यह पीसीआर जीपीएस व कंप्यूटर सिस्टम से लैस होगी। इसकी लोकेशन पर भी नजर रखी जाएगी। जो कम से कम समय में वारदात स्थल पर पहुंचेगी। बाद में इस योजना के तहत एंबुलेंस व फायर ब्रिगेड विभाग के साथ भी सामंजस्य स्थापित किया जाएगा।
पुलिस के खिलाफ बढ़ते रोष प्रदर्शनों पर डीजीपी ने कहा कि पुलिस भी समाज का ही एक अंग है। समाज में कुछ लोग अपने अधिकारों के प्रति तो जागरूक हैं। लेकिन कर्तव्यों का पालन नहीं करते। अकेला पुलिस विभाग ऐसा है, जहां अपने ही कर्मचारियों के खिलाफ सबसे ज्यादा कार्रवाई होती है। समाज भी अपराध नियंत्रण पर सहयोग करे। सड़क जाम करने वालों के खिलाफ तुरंत केस दर्ज किए जाएंगे। इसके अलावा निष्पक्ष कार्रवाई के लिए भी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।
शहर में जाम की समस्या पर डीजीपी ने एसपी को निर्देश दिए कि वे प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मिलकर अतिक्रमण पर सख्त अभियान चलाएं। इस अवसर पर उनके साथ आईजी सुभाष यादव, एसपी सुमेर प्रताप सिंह भी मौजूद थे।
बलजीत नायक का मामला भी उठा
कान्फ्रेंस में मानव अधिकार कार्यकर्ता बलजीत नायक पर पुलिस कर्मचारी के साथ हुए झगड़े के बाद 20 दिनों में 4 केस दर्ज किए जाने का मामला भी उठा। जिस पर आईजी सुभाष यादव ने कहा कि अब इन सभी मामलों की जांच करनाल पुलिस कर रही है। वहीं एसपी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार यदि कोई महिला छेड़छाड़ या दुष्कर्म की शिकायत देती है तो उस पर केस दर्ज करना पुलिस का फर्ज है।
पुलिस प्रवक्ता को किया सम्मानित
डीजीपी ने पुलिस प्रवक्ता रोशन लाल खटकड़ को अच्छे कार्य के लिए पीठ थपथपाते हुए सम्मानित किया और अच्छे काम के लिए प्रोत्साहित किया। रोशन लाल लंबे समय से कैथल में प्रवक्ता का कार्य कर रहे हैं। उनके कार्य से खुश होकर डीजीपी ने उनकी पीठ थपथपाई।