कैथल। जिले के गांव मुंदड़ी के 14 वर्षीय उभरते मुक्केबाज भरत शर्मा अपनी मेहनत और अनुशासन के दम पर बॉक्सिंग में लगातार सफलता हासिल कर रहे हैं। आरकेएसडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 10वीं कक्षा के छात्र भरत कुमार पिछले तीन वर्षों से बॉक्सिंग का नियमित प्रशिक्षण ले रहे हैं। उनकी प्रतिभा को देखते हुए खेल जगत में उनसे भविष्य में बड़ी उपलब्धियों की उम्मीद की जा रही है।
भरत शर्मा के पिता कृष्ण शर्मा भारतीय सेना में हवलदार हैं और वर्तमान में आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में ड्यूटी पर तैनात हैं। पिता की सेवा भावना से प्रेरित होकर भारत भी खेलों के माध्यम से देश का नाम रोशन करने का सपना देख रहे हैं।
भरत शर्मा ने बताया कि वह पिछले तीन वर्षों से गांव मुंदड़ी स्थित इंडोर स्टेडियम में कोच अमरजीत सिंह के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रहे हैं। वह प्रतिदिन सुबह तीन घंटे और शाम तीन घंटे, कुल छह घंटे अभ्यास करते हैं। उनका कहना है कि नियमित मेहनत, अनुशासन और कोच के मार्गदर्शन से ही खिलाड़ी अपने लक्ष्य तक पहुंच सकता है।
कम उम्र में ही भरत ने अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए सब जूनियर स्टेट बॉक्सिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा उन्होंने वर्ष 2024 की सब जूनियर राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भी भाग लेकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
कोच अमरजीत सिंह का कहना है कि भरत शर्मा मेहनती और अनुशासित खिलाड़ी हैं। यदि वह इसी समर्पण के साथ अभ्यास जारी रखते हैं तो आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।
भरत का लक्ष्य राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर अपने माता-पिता, जिले और देश का नाम रोशन करना है। उनका मानना है कि कठिन परिश्रम, आत्मविश्वास और निरंतर अभ्यास से हर सपना साकार किया जा सकता है।
भरत शर्मा