संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। मारपीट करने और धमकी देने के मामलों में पुलिस ने 14 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
गांव जाखौली निवासी बली राम द्वारा एसपी कार्यालय में दी गई शिकायत अनुसार 30 मई 2024 को आरोपी मंजीत, मोनू, सोनू, ज्ञानों व गुड्डी ने उसके बेटे अजय व उसके साथ मारपीट की थी। इस संबंध में उसने तितरम थाना में शिकायत दी थी।
इस पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उसके बाद उसने 12 जून 2024 को आरोपियों के विरुद्ध एसपी कार्यालय में शिकायत दी। फिर भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उसे आरोपियों द्वारा धमकी दी जा रही हैं। पुलिस के सामने आरोपियों ने उसे थप्पड़ मारा। उसे व उसके परिवार को खतरा है। जांच अधिकारी संजय ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उधर, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के दूसरे मामले में पुलिस ने नौ आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। गांव कल्लर माजरा निवासी संजय ने चीका थाना में शिकायत दी कि 22 जुलाई को आरोपी रामदिया, रिंकू, जसबीर, रुलदू, बीरबल व चार अन्य व्यक्तियों ने उसके साथ मारपीट की। आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। जांच अधिकारी संदीप ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।