संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। सैर गांव में एक युवक से ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर 14 लाख रुपये ठग लिए गए। रुपये लेने के बाद न तो युवक को विदेश भेजा गया और न ही वापस मांगने पर उसके पैसे लौटाए गए। जब युवक ने बार-बार अपने रुपये वापस मांगे, तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। शिकायत पर आरोपी के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
शिकायतकर्ता गुरदेव सिंह ने चीका थाना में दी शिकायत में बताया कि वह विदेश जाना चाहता था। इसके लिए उसने जगजीत सिंह नामक एजेंट से बातचीत की। आरोपी एजेंट ने उसे विदेश भेजने का वादा करते हुए 14 लाख रुपये अलग-अलग समय में जुलाई 2024 से अक्टूबर 2025 के बीच ले लिए।
रुपये वापस मांगने पर दी धमकी : काफी इंतजार के बाद जब युवक को विदेश नहीं भेजा गया, तो उसने एजेंट से कहा कि या तो उसे विदेश भेज दे या रुपये वापस कर दे। इस पर आरोपी ने टाल-मटोल करना शुरू कर दिया। बार-बार पैसे मांगने पर आरोपी ने न केवल रुपये नहीं लौटाए बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायतकर्ता ने मांग की है कि आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और उसके पैसे वापस दिलवाए जाएं।
डीएसपी कुलदीप सिंह ने बताया कि चीका थाना में ठगी संबंधी शिकायत पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की गहनता से जांच जारी है और जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।