कैथल। जिले के ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में बस सेवा बढ़ाने की कवायद के तहत स्टेज कैरिज स्कीम में परमिट लेने के लिए आवेदन की अंतिम तारीख अब 6 अक्तूबर कर दी गई है। क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) की ओर से जिले के 11 रूटों पर निजी बसों के संचालन के लिए आवेदन मांगे गए हैं। पहले 30 सितंबर अंतिम तिथि रखी गई थी। अब तक 132 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। परमिट के लिए आवेदन करने वालों को 25 हजार रुपये की अप्रतिदेय फीस जमा करवानी होगी।
जिले के कई ग्रामीण रूटों पर यात्रियों को पर्याप्त बस सेवा नहीं मिल पा रही है। खासकर सुबह और शाम के समय विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों की संख्या बढ़ने से बसों में भीड़ हो जाती है। कई गांवों से गुजरने वाले रूटों पर बसों की संख्या कम होने के कारण यात्रियों को अगली बस के इंतजार में काफी समय गुजारना पड़ता है।
निजी बसों की संख्या बढ़ने की उम्मीद
स्टेज कैरिज स्कीम के तहत नए परमिट जारी होने के बाद ग्रामीण रूटों पर निजी बसों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। इससे गांवों से शहरों तक आने-जाने वाले यात्रियों को राहत मिल सकती है। परिवहन विभाग की ओर से ऐसे रूटों पर निजी बस संचालकों को परमिट देने की प्रक्रिया शुरू की गई है, जहां यात्रियों की जरूरत के अनुसार बस सेवा बढ़ाने की आवश्यकता है।
6 अक्तूबर तक जमा होंगे आवेदन
आरटीए गिरिश ने बताया कि इच्छुक बस संचालक 6 अक्तूबर तक निर्धारित समय सीमा में आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ 25 हजार रुपये की अप्रतिदेय फीस जमा करवानी होगी। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्धारित नियमों के अनुसार परमिट जारी किए जाएंगे।