राजौंद। पेगा मार्ग पर जल घर के तालाबों का पानी सूखने से पानी सप्लाई बाधित है। जिस कारण कुछ इलाके में पिछले चार दिन से पानी नहीं मिल रहा है। जबकि कुछ इलाके में एक दिन छोडक़र पानी दिया जा रहा है। महिलाओं ने हाथों में बर्तन उठाकर जन स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। गर्मी का मौसम शुरू होते ही बिजली पानी के लिए हाहाकार मच जाता है। नगर के जल घर के टैंकों का पानी सूख चुका है। बोर से पानी की पूरी सप्लाई नही पहुंच रही। इसका मुख्य कारण नहर में पानी न आने के कारण पानी इकट्ठा नही हो पाता। दूसरा दिन में बिजली सप्लाई बंद होने से जल घर में लगे बोर से पानी भी पूरा नही किया जा रहा। जिसे लेकर लोगों को गर्मी के इस मौसम में पानी के लिए दर दर भटकना पड़ रहा है। बुधवार को जींद रोड़ पर महिलाओं को पिछले चार दिन से पानी न मिलने के कारण उन्होंने जहां रोष प्रकट किया वहीं उन्होंने बताया कि घर घर नहरी पानी के दावे जींद मार्ग पर टाय टाय फिस होकर रह गए है। गर्मी के इस मौसम में पानी की एक एक बूंद के लिए मोहताज होना पड़ रहा है। महिला संतोष, कांता, संतरों, शकुंतला, सुमित्रा, कमला, शीला, मुनीषा, ग्रामीण कृष्ण, सुभाष, गजे सिंह, हवा सिंह ने बताया कि पिछले चार दिन से उनके इलाके में पानी नही पहुंच रहा। जिससे उन्हें गर्मी के इस मौसम में पानी के लिए दर दर भटकना पड़ रहा है। इन लोगों ने मांग करते हुए कहा कि जल्दी ही पानी समस्या को दूर किया जाए।
एसडीओ कर्मबीर सिंह ने बताया कि मेरे नोटिस में ऐसी कोई बात नही है लेकिन नहर में पानी आ चुका है और टैंकों को भरवाकर समस्या दूर हो जाएगी। उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद बड़े बोर का प्रपोजल तैयार करके भेजा जाएगा ताकि नहरी पानी कम होने से कोई दिक्कत न रहे।