सुबह स्कूल बस में बिठाया था चार साल की मासूम को, किसी कारण स्कूल की छुट्टी के बाद सड़क पर ही छोड़ गए चालक परिचालक, बस्ते समेत नाले में गिरी मासूम, बाल-बाल बची, परिजनों ने दी पुलिस में शिकायत, कार्रवाई की मांग
फोटो नंबर 26 व 27
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। सुंदरान मोहल्ले से एक व्यक्ति ने अपनी 4 साल की बेटी को स्कूल बस में बैठा दिया था। लेकिन किसी कारण से स्कूल की छुट्टी हो गई और बस चालक व परिचालक बच्ची को सड़क पर ही छोड़कर चले गए। बाद में बच्ची नाले में गिर गई। पास में ही दुकानदार ने बच्ची को बाहर निकाला। तब तक वह बेहोश हो गई थी। बाद में किसी तरह उसकी जान बचाई जा सकी। परिजनों ने मामले में पुलिस को शिकायत दी है।
सुंदरान मोहल्ला निवासी रोहित कुमार ने थाना शहर में दी शिकायत में कहा कि उसकी 4 वर्षीय लड़की खुशी जो लिटिल फ्लॉवर स्कूल में पढ़ती है। वह एलकेजी कक्षा की छात्रा है। बुधवार सुबह उसने सात बजे उसे स्कूल की बस में बिठाया था। लेकिन किसी कारण स्कूल की छुट्टी हो गई और बस चालक व परिचालक उसकी बेटी खुशी को चंदाना रोड वाली सड़क जो प्रताप गेट की तरफ जाती है। पर काली माता मंदिर के पास सड़क पर छोड़ गए। उसी समय बच्ची स्कूल बैग समेत नाले में जा गिरी और डूब गई। जब वह छटपटा रही थी तो एक दुकानदार रामनिवास निवासी भानपुरा ने देख लिया और शोर मचाया। लोग भी मौके पर आ गए और डूबती बच्ची को नाले से बाहर निकाला। उस समय बच्ची बेहोश हो गई थी। फिर पास के चिकित्सकों को बुलाकर बच्ची का इलाज करवाया। बच्ची खुशी मौत के मुंह से बाल-बाल बच गई। ऐसी लापरवाही के चलते स्कूल बस नंबर 5 के चालक व परिचालक सहित स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। वहीं पार्षद मोहन लाल शर्मा ने कहा कि यदि पुलिस ने बच्ची के साथ हुई घटना के जैसे गंभीर मामले में भी कोई कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन भी किया जा सकता है।
बॉक्स-
इस संबंध में स्कूल प्रिंसिपल के मोबाइल नंबर 8295163533 पर उनका पक्ष जानने के लिए कई बार संपर्क किया गया लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। मामले में जब भी वह अपना पक्ष रखेंगे हम उसे भी प्रकाशित करेंगे।
वर्जन-
थाना शहर प्रभारी मनजीत सिंह ने कहा कि शिकायत मिली है, मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।