बुआ की पिटाई से परेशान किशोरी घर से भागी, टोहाना पहुंची
टोहाना पुलिस ने बुआ के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कैथल पुलिस को सौंपा
काउंसिलिंग के लिए सीडब्ल्यू को भेजा गया युवती को
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। यहां बुआ की पिटाई से परेशान एक किशोरी घर से भाग कर टोहाना पहुंच गई। जहां पुलिस को सूचना मिलने पर उसे कैथल पुलिस को सौंप दिया गया। टोहाना पुलिस ने किशोरी की शिकायत पर उसकी बुआ के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने व मारपीट करने के आरोप में जीरो एफआईआर भी दर्ज की। बाद में एफआईआर कैथल रेफर कर दी गई।
पुलिस को दी शिकायत में किशोरी ने बताया कि उसकी मां की मौत गत 18 नवंबर को हो गई थी। इसके बाद उसकी बुआ केलो कैथल स्थित एक बस्ती में आकर उनके घर में रहने लगी थी। घर में उसके अलावा 3 अन्य बहनें हैं। उसकी बुआ उससे मारपीट करती है और गाली-गलौच करती है। उसकी बुआ ने धमकी दी थी कि इस बारे में किसी को बताया तो वह जान से मार देगी। इसके बाद वह बुआ से परेशान होकर घर से भाग गई थी और टोहाना पहुंची थी।
सिटी एसएचओ मनदीप सिंह ने बताया कि जीरो एफआईआर मिलने के बाद शिकायत अनुसार किशोरी की बुआ पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं उसको काउंसिलिंग के लिए सीडब्ल्यूसी कैथल के पास भेज दिया है।