केजरीवाल की कैथल रैली का न्योता देने पहुंचे आप विधायक सुरेन्द्र कमांडो
शिक्षा व स्वास्थ्य हमारी पहली प्राथमिकता : आप विधायक
फोटो संख्या-36
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल, सीवन। आम आदमी पार्टी के विधायक सुरेंद्र कमांडों ने रविवार को जिले में कई जगह जनसभाएं कीं और पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल की रैली के लिए लोगों को न्योता दिया।
सीवन स्वर्गद्वार मंदिर धर्मशाला में आम आदमी पार्टी की ओर से एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में दिल्ली के विधायक सुरेंद्र कमांडो, प्रदेश प्रेस प्रवक्ता विशाल खुबड़ ने शिरकत की। विधायक कमांडो ने कहा कि आज देश व प्रदेश में सभी लोगों की बुनियादी जरूरत शिक्षा और स्वास्थ्य है। क्या मौजूदा भाजपा सरकार ने स्कूलों और अस्पतालों की ओर कोई ध्यान दिया है। कोई व्यक्ति आज हरियाणा में सरकारी स्कूल में बच्चे दाखिल करवाना पसंद नहीं करता। बीमारी में कोई सरकारी अस्पताल में इलाज करवाना पसंद नहीं करता। न तो सरकारी अस्पताल में कोई मशीनरी है न अच्छे डाक्टर हैं। उन्होंने कहा कि मनुष्य अपनी सारी जमा पूंजी शिक्षा व इलाज पर खर्च कर देता है। आज अरविंद केजरीवाल को लोग क्यों पसंद करते हैं उनके कामों के कारण। दिल्ली के अस्पताल में कैंसर व हार्ट के टेस्ट फ्री हैं। दिल्ली के सरकारी स्कूलों की हालत हरियाणा के किसी अच्छे प्राईवेट स्कूल से कम नहीं है गरीब आदमी अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दिला सकता है। उन्होंने 15 दिसंबर को कैथल के रामलीला मैदान में होने वाली रैली का न्यौता दिया। इस कार्यक्रम के आयोजक मा. जितेन्द्र खेड़ी गुलाम अली ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और उन्हें विश्वास दिलाया कि हलका गुहला से हजारों की संख्या में इस रैली में भाग लेंगे। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष मुकेश गर्ग, गुरमीत कम्बोज, सनमीत सिंह, विनोद राणा, सुल्तान खेड़ी, कर्ण सिंह, राम दिया खेड़ी, अमित सैनी, कर्मबीर हरनौला व अन्य लोग मौजूद थे।
15 दिसंबर को केजरीवाल कैथल में मंच से खोलेंगे भाजपा सरकार की पोल
प्रदेश की जनता के सामने आ गया भाजपा का असली चेहरा: सुरेंद्र
फोटो संख्या-32
कलायत। दिल्ली कैंट आम आदमी पार्टी के विधायक कमांडो सुरेंद्र सिंह ने आज राकेश गुप्ता के व्यापारिक प्रतिष्ठान पर कार्यकर्ताओं की एक बैठक ली। उन्होंने बताया कि 15 दिसंबर को कैथल दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जनसभा को संबोधित करेंगे। सुरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा के कुशासन से तंग आ चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सत्ता में आने से पूर्व प्रदेश की जनता से जो वायदे किए थे उनमें से अधिकांश अधूरे ही पड़े हैं। किसान को न तो स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों का लाभ मिला तथा न ही लाभकारी मूल्य। इस अवसर पर उनके साथ सुखवीर चहल, राकेश गर्ग, सोमनाथ राणा, कुलविंद्र चौहान, गोलू यादव, पवन सिंगला, ओमप्रकाश खुराना, दिनेश सिंहमार, जयसिंह सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद थे।
पत्रकारों के परिवारों को 20-20 लाख रुपये की मदद देने की मांग की
कैथल। आप विधायक सुरेंद्र कमांडों ने हरियाणा सरकार से मांग की है कि कैथल में करंट हादसे का शिकार हुए पत्रकारों के परिवारों को सरकार 20-20 लाख रुपये की आर्थिक मदद दे। विभागीय लापरवाही के कारण वे इस हादसे का शिकार हुए हैं। इसीलिए हरियाणा के मुख्यमंत्री से आग्रह है कि वे इन परिवारों की सुध लें और उन्हें 20-20 लाख रुपये की आर्थिक मदद दें।