शहर में बाजारों में त्योहारी सीजन में उमड़ रही है जाम से लोग परेशान
न यातायात व्यवस्था के लिए पुलिस कर्मचारी, न ही सुरक्षा दृष्टि से गश्त
महिलाओं सहित बाजारों में आने वाले लोगों को होती हैं परेशानी, पार्किंग व्यवस्था शून्य
फोटो नंबर-09 से 17
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। बाजारों में दिवाली को लेकर अब भीड़ जुटना शुरू हो गई है। लेकिन शहर के किसी भी मुख्य स्थान पर पार्किंग की कोई सुविधा नहीं है। पार्किंग न होने के कारण अधिकतर बाजारों में जाम की स्थिति रहती है। जिससे राहगीरों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। बाजार हो या सब्जी मंडी कहीं भी पार्किंग सुविधा नहीं है। बाजार में वाहन खड़ा करने के लिए कोई सुविधा नहीं दी गई है। जिससे मजबूरन लोगों को सड़क के बीचों-बीच वाहन खड़ा करना पड़ता है। जिससे जाम लगता है। इसके साथ ही जिले में केवल 38 ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी ही ड्यूटी कर रहे हैं। जबकि शहर में लगातार बढ़ रहे यातायात को लेकर इससे दोगुनी संख्या होनी चाहिए।
यहां पर है जाम की स्थिति : शहर में मुख्य रूप से छात्रावास रोड, रेलवे गेट, तलाई बाजार, पुराना बस स्टैंड, मेन बाजार, पुरानी व नई सब्जी मंडी, भगत सिंह चौक, जींद रोड आरओबी के नीचे, तहसील रोड, गीता भवन, छोटू राम चौक सहित अन्य कई स्थानों पर जाम की काफी बुरी स्थिति है। जिस पर जिला प्रशासन कंट्रोल नहीं कर पा रहा है।
चौक पर नहीं है कर्मचारी की ड्यूटी : दुकानदार अंकुश ने बताया कि जाम की समस्या से निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी की हर चौक व चौराहों पर डयूटी होनी चाहिए। लेकिन जाम लगने वाली जगह पर एक भी कर्मचारी तैनात नहीं है। निरवानिया बिल्डिंग व आस-पास के चौकों पर पुलिस की ड्यूटी नहीं है।
अतिक्रमण पर लें संज्ञान : दुकानदार बिंटू ने बताया कि जाम की समस्या का बड़ा कारण अतिक्रमण की भी समस्या है। जाम की समस्या के समाधान के लिए दुकानों के बाहर रोड़ पर रखे सामान को भी नपा की ओर से हटाया जाना चाहिए।
बड़ी गाड़ियों के प्रवेश का समय हो निश्चित : दुकानदार राजेश सिंगला ने बताया कि बाजार में दुकानों के सामने ही अपने वाहनों को खड़ा कर दिया जाता है। जिससे जाम की समस्या और अधिक बढ़ जाती है। इसे रोकने के लिए कड़ा कदम उठाना चाहिए। इसके साथ ही बड़ी गाड़ियों के प्रवेश के लिए समय निश्चित किया जाए।
बड़े वाहनों को रोका जाए : दुकानदार अनिल कुमार ने बताया कि अधिक जाम वाले स्थानों के प्रवेश के प्वाइंट्स पर बैरिकेड्स लगाकर बड़े वाहनों को रोका जाना चाहिए।
पुलिस कर्मचारी जाम खुलवाने के लिए नहीं तैनात : छात्रावास रोड स्थित दुकानदार नितेश ने बताया कि केवल दिवाली ही नहीं बल्कि अन्य दिनों में भी पूरा दिन जाम की स्थिति रहती है। एक बार जाम लग जाए तो करीब आधे घंटे का इससे निपटने का समय लगता है। काफी परेशानी होती है। न ही कोई पुलिस कर्मचारी जाम खुलवाने के लिए यहां तैनात रहता है। हर दो मिनट में जाम की स्थिति बनती : कुलदीप खुराना ने बताया कि हर दो मिनट में जाम की स्थिति बनती है। यदि छात्रावास रोड पर कोई भी बड़ा वाहन आ जाए तो यहां पर 15 से 20 मिनट तक जाम लगना लाजमी है। परेशानी के साथ ग्राहकों का भी आना जाना कम हो जाता है।
दुकानदार भीम सेन ने बताया कि छात्रावास रोड पर ट्रैक्टरों में स्पीकर लगाने की भी काफी दुकानें है। पूरा दिन सड़क के बीच ही कई ट्रैक्टर संचालक स्पीकर लगवाने आते है। जिससे अधिक जाम लगता है।
एसएचओ ट्रैफिक रमेश कुमार ने कहा कि जितने भी कर्मचारी हैं, सभी की गश्त बढ़ाई गई है। बाजारों में भी विशेष नजर रखी जा रही है। पिहोवा चौक व सर छोटू राम चौक पर बेरिकेड्स लगाए गए हैं। बाकी जगह भी जाम से निपटने को लेकर उपाय किए जाएंगे।