पुलिस शहीदी दिवस : शहीद जवानों को दी सलामी, परिजनों को किया सम्मानित
अमर शहीदों की याद में आयोजित मैराथन दौड़ को डीएसपी ने दिखाई हरी झंडी
फोटो संख्या-10 से 12
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। रविवार की सुबह पुलिस ने शहीद हुए जवानों को सलामी दी और उनकी याद में तीन-तीन राउंड फायरिंग किए। साथ ही मैराथन का भी आयोजन किया गया। जिसमें पुलिस जवानों सहित शहर के लोगों ने भी भाग लिया। पुलिस लाइन मैदान में आयोजित कार्यक्रम में एसपी ने शहीदों के परिजनों को सम्मानित भी किया।
अमर शहीदों की याद में सुबह इंडोर स्टेडियम से डीएसपी कैथल जोगिंद्र सिंह द्वारा हरी झंडी दिखाकर मैराथन दौड़ में शामिल युवाओं को रवाना किया गया। जो पुलिस लाइन में संपन्न हुई। यहां आयोजित समारोह में एसपी आस्था मोदी की अगुवाई में पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने पुलिस स्मृति स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित किए गए। एक सब इंस्पेक्टर, 2 एएसआई व 24 जवानों की गार्ड द्वारा शोक सलामी दी गई, साथ ही मातमी धुन बजाई गई। एक एसएसआई, दो हेड कांस्टेबल सहित 9 जवानों की गार्ड द्वारा शहीद हुए जवानों के सम्मान में 3-3 राउंड हवाई फायर किए।
इसलिए मनाया जाता है पुलिस शहीदी दिवस : 21 अक्तूबर 1959 के दिन केंद्रीय आरक्षी पुलिस बल के बहादुर नौजवानों द्वारा हॉटस्प्रिंग, लेह-लद्दाख में देश की सीमाओं की सुरक्षा करते हुए चीनी घुसपैठियों के साथ हुई मुठभेड़ में 10 जवानों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया था। तब से लेकर आज तक समस्त भारतवर्ष में प्रत्येक 21 अक्तूबर को पुलिस शहीदी दिवस के रूप में मनाया जाता है।
मैराथन में सुनील रहा प्रथम : मैराथन दौड़ में लड़कों में शिक्षा भारती सीनियर सेकेंडरी स्कूल कलायत के विद्यार्थी सुनील कुमार द्वारा प्रथम स्थान, आरकेएसडी कॉलेज बीए प्रथम वर्ष के छात्र अमित कुमार द्वारा द्वितीय तथा सिपाही-1 नायब मुहर्रर थाना सिविल लाईन द्वारा तृतीय स्थान हासिल किया गया। लड़कियों में इंडस पब्लिक स्कूल दसवीं कक्षा की छात्रा मुस्कान तथा सिमरन द्वारा संयुक्त रुप से प्रथम स्थान, राजकीय मिडिल स्कूल कुलतारन की छात्रा पायल द्वितीय तथा राजकीय सीनियर सैकेंडरी कन्या विद्यालय कुलतारन की छात्रा कुसुम द्वारा तृतीय स्थान प्राप्त किया गया। सभी विजेताओं को नकद ईनाम राशि व स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।
एसपी आस्था मोदी ने 31 मार्च 1989 को पंचकूला में शहीद हुए रामसिंह के भाई महीपाल निवासी जाजनपुर, 1992 में शहीद हुए कृपाल सिंह की पत्नी रामरती देवी निवासी हरीगढ़ किंगन तथा इसी वर्ष शहीद हुए गुलजार सिंह के भाई जोगा सिंह निवासी हाबड़ी को विशेष तौर पर आमंत्रित कर सम्मानित किया। इस अवसर पर डीएसपी मुख्यालय तरुण कुमार, डीएसपी एईसी रामकुमार, डीएसपी सीटी जोगिंद्र सिंह, डीएसपी गुहला प्रमोद कुमार, आरआई/डब्ल्यूआई इंस्पेक्टर जितेंद्र, सीडीआई पुलिस लाइन सहायक उपनिरीक्षक जसबीर सिंह, ओएएसआई कस्तूरी लाल, पुलिस प्रवक्ता रोशन लाल खटकड़ तथा सभी थाना-चौकी प्रबंधक, पुलिस लाईन, सीआईए व कार्यालय पुलिस अधीक्षक के जवानों ने शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।