फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने किया गांव नौच में अवैध कब्जे के आरोप में केस दर्ज ना करने पर एसएचओ को सस्पेंड

विज्ञापन
विज्ञापन
स्वास्थ्य मंत्री ने नौच में अवैध कब्जे के आरोप में केस दर्ज ना करने पर एसएचओ को सस्पेंड किया
विज्ञापन

जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने सुनीं समस्याएं
मनरेगा में मजदूरों को फर्जी भुगतान करने, ट्यूबवेल कनेक्शन मालिकाना हक बदलने व गांव भूना में मिट्टी बेचने के आरोप में सरपंच के खिलाफ एफआईआर के आदेश, तीन मामलों में जांच कमेटियां बिठाईं
लंबी बहस के बाद 12 साल से भटक रहे किसान को कनेक्शन जारी करने के आदेश दिए
फोटो संख्या-
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल।
स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने गांव नौच में पंचायती जमीन पर कब्जा करने के मामले में बीडीपीओ द्वारा शिकायत भेजे जाने के बावजूद केस दर्ज मना करने पर तत्कालीन थाना सदर प्रभारी को सस्पेंड करने के आदेश जारी किए हैं। साथ ही मनरेगा मजदूरों के भुगतान में घोटाले व फर्जी तरीके से ट्यूबवेल कनेक्शन का मालिकाना हक बदलने पर पुलिस को केस दर्ज करने के आदेश जारी किए। विज शुक्रवार को कैथल में कष्ट निवारण समिति की बैठक में समस्याएं सुन रहे थे। विज के चुटीले अंदाज से बैठक में कई बार हंसी के ठहाके लगे वहीं विज ने कहा कि अधिकारी लोगों के कार्यों में कोताही ना बरतें। इस बैठक में 5 पुरानी तथा 9 नई शिकायतों सहित कुल 14 शिकायतें रखी गई, जिनमें से ज्यादातर शिकायतों का मौके पर निपटारा कर दिया गया।
विज्ञापन

नौच निवासी बलकार सिंह ने पंचायत की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत दी थी। जिस पर बीडीपीओ कैथल ने बताया कि अक्तूबर 2017 में थाना सदर को पत्र भेजकर केस दर्ज करने की मांग की थी। आगे क्या कार्रवाई हुई, एसएचओ ने रिप्लाई नहीं दिया। जिस पर विज ने कहा कि यदि एसएचओ ने केस दर्ज नहीं किया तो उस समय के थाना प्रभारी को सस्पेंड किया जाए। उस समय यहां अमन बैनीवाल एसएचओ थे। जो आजकल पूंडरी में बतौर एसएचओ कार्यरत हैं।
कनेक्शन का मालिकाना हक बदला तो केस दर्ज करने के आदेश : गांव पाई निवासी वीरेंद्र सिंह ने शिकायत दी थी कि पटवारी, बिजली विभाग के क्लर्क की लापरवाही व मिलीभगत से उसके खेतों में ट्यूबवेल कनेक्शन का मालिकाना हक बदल दिया। जिसकी सुनवाई करते हुए विज ने कहा कि दोनों विभागों के लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी भूमिका की जांच की जाए।
एडीसी की जांच से संतुष्ट नहीं हुए शिकायतकर्ता, विज ने दिए एफआईआर के आदेश : एडीसी कैप्टन शक्ति सिंह द्वारा की जा रही मनरेगा मजदूरों को फर्जी भुगतान संबंधी खेड़ी लांबा निवासी राजू व अन्य की मांग पर विज ने प्रशासन की खिंचाई की ओर आदेश दिए किए इस मामले में दोषी लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर प्रशासनिक अधिकारी की बजाए डीएसपी स्तर के अधिकारी को जांच के आदेश दिए।
भूना के सरपंच पर मिट्टी चोरी के आरोप में केस दर्ज करने के आदेश : स्वास्थ्य मंत्री ने भूना निवासी कृष्ण कुमार की गांव के सरपंच द्वारा अवैध रूप से जंगल की भूमि से मिट्टी उठाकर बेचने के मामले में सरपंच के खिलाफ मिट्टी चोरी का केस दर्ज करने के निर्देश दिए। डीडीपीओ कंवर दमन सिंह ने अपनी जांच रिपोर्ट प्रस्तुत की। जिसमें मिट्टी चोरी पाई गई है। इसी सरपंच को वीरवार को ही डीसी ने गलत तस्दीक करने के आरोप में सस्पेंड भी किया है।
शिकायतकर्ता के खिलाफ भी दिए जांच के आदेश : गांव धेरड़ू निवासी जगदीश चंद्र सरपंच के खिलाफ पंचायती भूमि पर कब्जा करने व फंड में गड़बड़ी की शिकायत लेकर पहुंचे थे। जिसकी जांच डीडीपीओ कंवर दमन सिंह ने जांच की थी। इसी बीच सरपंच ने जगदीश चंद्र के बारे में बताया कि वह रंजिशन शिकायत कर रहा है। गांव के तालाब को 4 से 5 हजार रुपये सालाना बोली पर लेता था, जिसे पंचायत ने 2 लाख बोली में छोड़ा है। इसी कारण वह शिकायत कर रहा है तो व िज ने कहा कि डीडीपीओ कंवर दमन सिंह समिति के मनोनीत सदस्यों श्याम सुंदर बंसल एवं धीरेंद्र क्योड़क की टीम के साथ शिकायतकर्ता के खिलाफ सरपंच द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर जांच करेंगे। साथ ही शिकायतकर्ता की शिकायत की भी जांच करें।
फिर से होगा फ्रेंड्स कालोनी से जींद रोड की ओर जा रही ड्रेन को कवर करने पर विचार : फ्रेंड्स कालोनी निवासी सप्तऋषि ध्यान योग आयुर्वेदिक केंद्र व अन्य की कालोनी करनाल रोड बाईपास चौक के निकट से लेकर सेक्टर 18 व आधा दर्जन कालोनियों से गुजर रही ड्रेन को कवर करने की सीएम घोषणा को पूरा करने की मांग की। जिसेछ विभाग ने संभव ना होने की श्रेणी में डाल दिया था। इस पर विज ने कहा कि इस मामले की फिर से जांच की जाए कि इसे कवर किया जा सकता है या नहीं। यहां लाइट व अन्य सुविधाएं भी दी जाएं।
12 साल से भटक रहे किसान को लंबी जिरह के बाद कनेक्शन जारी करने के आदेश : गांव कमालपुर निवासी रामनिवास को 12 साल पहले ट्यूबवेल बिजली कनेक्शन के लिए जमा करवाई गई 20 हजार रुपये की राशि के मामले में बिजली विभाग के अधिकारियों ने दर्जनों बार दलीलें दीं कि उसे कनेक्शन नहीं दिया जा सकता। लेकिन विज ने कहा कि जब विभाग ने 12 साल पहले पैसे जमा करवा लिए तो किसान का क्या कुसूर है। तुरंत इस किसान को कनेक्शन दिया जाए।
गांव चौशाला निवासी कुलवीर सिंह की धान चोरी के मामले में जांच कर रही पानीपत पुलिस को अगली मीटिंग में जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश जारी किए।
स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने ककराला कुचियां ग्राम पंचायत की क्षतिग्रस्त पेयजल पाइप लाइन से संबंधित शिकायत का निपटारा करते हुए जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे इस पाईप लाईन को निर्धारित अवधि में बदलवाएं।
सालों से लटक रहे मामले को एक माह में निपटाने के आदेश : गांव नौंच निवासी राजेंद्र कुमार की हांसी-बुटाना नहर में अधिकृत की गई जमीन के इंतकाल के सालों से लटक रहे मामले को 1 माह में निपटाने के आदेश जारी किए। ट्रांसपोर्ट कंपनी की हरियाणा एग्रो इंडस्ट्रीज कॉर्पोरेशन लिमिटेड में लेबर के कार्य का भुगतान न करने संबंधित शिकायत के संदर्भ में कॉर्पोरेशन के अधिकारियों को अतिशीघ्र भुगतान करने के निर्देश दिए। सौंगरी निवासी नरेश कुमार की गांव का नाम ठीक करवाकर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत मुआवजा राशि देने के आदेश जारी किए। उन्होंने हंसुमाजरा निवासी सोनी सिंह, बिरथेबाहरी निवासी करतार सिंह की शिकायतों की सुनवाई करने के उपरांत संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मैडम बताओ, बैठक क्यों बुलाते हो : बैठक की शुरुआत में पहली ही शिकायत में जांच अधिकारी एडीसी थे। वे बैठक में नहीं थे। अगली शिकायत भी एडीसी से संबंधित थी। साथ ही एसपी आस्था मोदी भी नहीं थीं। इस पर मंत्री खिन्न उठे और डीसी को कहा कि मैडम एडीसी नहीं, एसपी नहीं, तो बैठक क्यों बुलाते हो? जिस पर डीसी ने कहा कि दोनों अधिकारी आवश्यक ड्यूटी के चलते ही बाहर गए हुए हैं।

विज की कई बातों पर लगे हंसी के ठहाके : स्वास्थ्य मंत्री की बैठक में कई अवसर ऐसे आए, जब विज की बातों पर हंसी के खूब ठहाके लगे। बिजली कनेक्शन की बात पर पीड़ित ने जब कहा कि मेरी कोई सुनवाई नहीं हुई तो विज बोले मैं किसलिए बैठा हूं..मेरा नाम क्या है? क्यों नहीं होगी सुनवाई? बिजली विभाग के ही एक अन्य मामले में विज ने कहा कि एक्सईन साहब गेम शुरू होने के बाद नियम नहीं बदलते। किसान ने जिस समय आवेदन किया, उसे उस समय के हिसाब से कनेक्शन दो।
आज तो मैंने कोई सस्पेंड भी नहीं किया : जब पंचायती भूमि पर कब्जे की बात आई तो विज ने कहा कि आज तो मैंने कोई सस्पेंड भी नहीं किया..तो केस दर्ज ना करने पर एसएचओ को सस्पेंड समझा जाए। इस बात पर हंसी के खूब ठहाके लगे।
इसी तरह जब शिकायतकर्ता जगदीश को लेकर सरपंच ने बताया कि वह मछली का ठेकेदार है और ज्यादा दाम पर ठेका छूटने के कारण शिकायत दे रहा है। विज ने कहा तेरी भी जांच करेंगे। तेरी मछली ठीक बिक रही हैं या नहीं? इस बात पर सभी हंस पड़े।
विज्ञापन

बैठक में पूंडरी के विधायक प्रो. दिनेश कौशिक, डीसी सुनीता वर्मा, एसडीएम कमलप्रीत कौर, सुरेंद्र पाल व जगदीप सिंह, सीटीएम सुशील कुमार, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संयम गर्ग, भाजपा के जिलाध्यक्ष अशोक ढांड, जिला परिषद की चेयरपर्सन सुखविंद्र कौर, पूर्व विधायक बनारसी दास, राजपाल तंवर, राव सुरेंद्र सिंह, श्याम सुंदर बंसल, पाला राम सैनी, धीरेंद्र क्योडक़ सहित समिति के मनोनीत सदस्य तथा विभिन्न विभागों के उच्चाधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें