अध्यापकों पर एफआईआर के विरोध में शिक्षक संघर्ष समिति ने दिया धरना
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। शिक्षक संघर्ष समिति ने गुहला प्रशासन द्वारा अध्यापकों के खिलाफ की गई एफआईआर विरोध में लघु सचिवालय में धरना दिया। धरने की अध्यक्षता हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ खंड कैथल के प्रधान सरदूल और राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ के संदीप शर्मा की। धरने का संचालन अध्यापक संघ के जिला सचिव रामपाल शर्मा व शमशेर कालिया ने किया। धरने को संबोधित करते हुए हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के राज्य सचिव सतवीर गोयत ने कहा कि सरकार अध्यापकों को जन सेवा सर्वे, बीएलओ ड्यूटी व अन्य गैर शैक्षणिक कार्यों में उलझा कर रखना चाहती है ताकि स्कूलों में शिक्षा का स्तर कमजोर हो और अध्यापकों को बदनाम करके जन शिक्षा को निजी हाथों में दिया जा सके। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के संगठन सचिव ओमपाल भाल ने कहा कि जिला प्रशासन जान बूझकर दबाव की नीति से अध्यापकों पर नाजायज कार्रवाई कर रहा है। जिसकी सर्व कर्मचारी संघ कड़े शब्दों में निंदा करता है। जिला प्रशासन के खिलाफ अध्यापकों के इस आंदोलन में सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा बढ़-चढ़कर भाग लेगा। इस अवसर पर धरने को सुरेश द्रवि?,जैल सिंह,रामनिवास सिहाग, राजेंद्र राविश,कुलदीप, सुखबीर, जगजीत फौजी, तरसेम सिंह , कृष्ण आर्य, मनोज नैन ने भी संबोधित किया।