खेल महाकुंभ में पहुंचे खिलाड़ियों को नहीं मिला खाना
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम की ओर से आयोजित हुए जिला स्तरीय खेल महाकुंभ की शुरुआत अवसर पर खेल प्रतियोगिता में अव्यवस्थाओं का आलम रहा। जिला खेल स्टेडियम में चल रही प्रतियोगिता में स्टेडियम की ओर जाने वाले रास्ते पर गहरा कीचड़ था। सुरक्षा की दृष्टि से एक भी पुरुष पुलिस कर्मचारी तैनात नहीं था। जबकि मंगलवार को स्टेडियम में महिला खिलाड़ियों के कोई गेम नहीं थेे यहां अकेली महिला पुलिस कर्मचारियों को तैनात किया गया था। इसके साथ ही ओएसडीएवी स्कूल में हो रहे जूडो प्रतियोगिता में जिला भर से विभिन्न गांवों में पहुंचे खिलाड़ियों को शाम चार बजे तक भी खाना नहीं मिला। जिस कारण सभी खिलाड़ी भूखे रहकर खाने का इंतजार करते है। इसके बाद चार बजे खाना पहुंचता है तो वह भी सभी बच्चों को नहीं मिल पाता है। घंटों इंतजार करने के बाद केवल करीब 100 बच्चों का खाना मिल पाया। इसके बाद जो बच्चे खाने से वंचित रह गए थे। वहां मौजूद कोच द्वारा उन्हें एक एक केला खिलाकर संतुष्ट किया जाता है।
पांच मिनट में ही खाली हुए बर्तन :-बच्चों के साथ आए धर्मबीर, बच्चे मुस्कान, मुस्कान व अन्य ने बताया कि ओएसडीएवी स्कूल में जुडो प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 350 खिलाड़ी आए हुए थे। खाना काफी लेट आया और वह भी केवल 100 बच्चों के लिए। वह भी पांच से दस मिनट में खाली हो गया। खिलाड़ी मनीषा ने कहा कि खेल विभाग को सरकार की ओर खिलाड़ियों को विभिन्न सुविधाएं देने व अच्छी रिफ्रेशमेंट देने के लिए अच्छा बजट दिया जाता है। लेकिन यहां पर रिफ्रेशमेंट न मिलने के कारण खिलाड़ी भूखे हैं।
ठेकेदार की गलती थी :- जिला खेल अधिकारी गंगा दत्त यादव ने बताया कि स्कूल में बच्चों को खाना देने वाले ठेकेदार की गलती के कारण ऐसा हुआ। जैसे ही उन्हें बच्चों को खाना न मिलने की जानकारी मिली तो उन्होंने ठेकेदार को लताड़ लगाई है। कोच की ओर से फलों का इंतजाम किया गया था। अगली बार इन चीजों को विशेष रूप से ध्यान रखा जाएगा।
पहले दिन हुई एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं
गांव खानपुर में जिला खेल स्टेडियम में पहले दिन एथलेटिक्स में 100 मीटर, 200 मीटर, ऊंची कूद, लंबी कूद, कुश्ती, कबड्डी, जूडो सहित अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित हुई। पहले दिन जिला खेल अधिकारी गंगा दत्त यादव ने खेलों का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता के पहले दिन करीब एक हजार खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में 600 मीटर रेस में क्योड़क के अजय ने पहला, अर्जुन ने दूसरा व कैथल के साहिल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। 800 मीटर रेस में कलायत के रोहित ने पहला, 1500 मीटर में सिरटा के कृष्ण ने पहला स्थान हासिल किया। अंडर 14 लांग जंप में कमालपुर का दीपक, अंडर 17 में मानस का दीपक, ऑपन लांग जंप में चीका का ज्ञान दीप, हाई जंप में अमनप्रीत, हाई जंप अंडर 17 में चीका का अभिषेक, ओपन हाई जंप में लवप्रीत विजय रहा।
ओएसडीएवी स्कूल में खाने का 350 खिलाड़ी करते रहे इंतजार, शाम चार बजे करीब 100 खिलाड़ियों को मिला खाना
फोटो नंबर-3,4 व 7 से 9