डीसी ने जारी किए स्वतंत्रता समारोह के लिए निर्देश
कैथल। डीसी सुनीता वर्मा ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि 14 अगस्त को सभी मुख्य भवनों एवं कार्यालयों पर लाइट की व्यवस्था की जाए, ताकि पूरा शहर रोशनी में जगमग नजर आए। इस अवसर पर आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम भी देश भक्ति की भावना से ओत-प्रोत होने चाहिए। शहर में साफ-सफाई के साथ-साथ शहीद स्मारकों व अन्य प्रतिमाओं की विशेष तौर पर सफाई करवाकर माल्यार्पण करवाना सुनिश्चित करवाया जाए। लघु सचिवालय स्थित कांफ्रेंस हॉल में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक में डीसी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन पुलिस लाइन मैदान में किया जाएगा। उन्होंने सख्त दिशा निर्देश देते हुए कहा कि 12 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह के अंतिम पूर्वाभ्यास तथा 15 अगस्त मुख्य समारोह के अवसर पर सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहना सुनिश्चित करेंगे।