संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। युवक को विदेश भेजने का झांसा देकर 12 लाख 60 हजार रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने उसे अमेरिका भेजने का आश्वासन दिया था लेकिन उसे बैंकॉक भेज दिया और वहां गन प्वाइंट पर रुपए मांगे। इसके बाद वह मुश्किल से भारत वापस आया। इस संबंध में युवक ने पूंडरी थाना में शिकायत दी है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सिरसल गांव निवासी मोहित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मार्च 2025 में उसके पास एक अज्ञात मोबाइल नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि वह युवाओं को विदेश भेजता है। उसे कम से कम राशि में अमेरिका भेज देगा। इस पर उसने आरोपी को पासपोर्ट और अन्य जरूरी दस्तावेज दे दिए। इसके बाद आरोपी ने अलग-अलग समय में उससे 21 अगस्त तक करीब 12 लाख 60 हजार रुपए अलग-अलग खातों में डलवा लिए। उसके बाद जुलाई में आरोपी ने उसे दिल्ली बुला लिया और वहां से बैंकॉक भेज दिया। वहां पर उसे एक होटल में रखा गया। आरोपी उसके पास आता जाता और रुपये लेता रहा। बाद में उससे गन प्वाइंट पर रुपये मांगे गए। वह बड़ी मुश्किल से भारत वापस आया। यहां आने के बाद उसने आरोपी से पैसे वापस मांगे तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई।
पूंडरी थाने के जांच अधिकारी रामबीर ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जांच की जा रही है।