संवाद न्यूज़ एजेंसी
सीवन। हरियाणा सरकार द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता पखवाड़े के तहत सोमवार को नई अनाज मंडी और सब्जी मंडी सीवन में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान मंडी परिसर, मार्केट कमेटी कार्यालय और सब्जी मंडी क्षेत्र की विशेष सफाई की गई। साथ ही आढ़तियों और किसानों को स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूक किया गया तथा उनसे मंडी को साफ-सुथरा बनाए रखने की अपील की गई।
मार्केट कमेटी सचिव मनजीत सिंह ने बताया कि स्वच्छ वातावरण से स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है और इससे मंडी में आने वाले किसानों, मजदूरों और खरीदारों को भी बेहतर सुविधा मिलती है।
उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान समय-समय पर होते रहने चाहिए ताकि मंडी हमेशा स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनी रहे। सह सचिव राजबीर ने कहा कि स्वच्छता हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। यदि सभी लोग मिलकर प्रयास करें तो न केवल मंडी, बल्कि पूरा नगर स्वच्छ बन
सकता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए सफाई जरूरी है।
इस अवसर पर नीलामी अभिलेखक बलबीर सिंह, आशिष भारद्वाज, कंप्यूटर ऑपरेटर नरेन्द्र, विवेक, संदीप समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे और उन्होंने सफाई कार्य में सक्रिय योगदान दिया।