कैथल। जिले में डेंगू के 15 और चिकनगुनिया के दो मरीज मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अब तक डेंगू जांच के लिए 1254 सैंपल लिए जा चुके हैं। फिलहाल डेंगू का कोई मरीज सरकारी या निजी अस्पताल में भर्ती नहीं है। जिले में 6 नवंबर को 12 सैंपल लिए गए। विभाग की टीमों ने शुक्रवार को 10122 घरों और 18924 पानी के कंटेनरों की जांच की। इनमें 27 जगह लार्वा मिलने पर कार्रवाई की गई।
विभाग की ओर से अब तक कुल 4013 नोटिस व चालान जारी किए जा चुके हैं। जिले में शहरी क्षेत्र में 36 और ग्रामीण क्षेत्र में 244 कर्मचारी डेंगू रोकथाम अभियान में जुटे हैं। इसके अलावा 19 सुपरवाइजर निगरानी कर रहे हैं। विभाग ने जिले के सभी 602 तालाबों में गंबूजिया मछली भी डलवाई हैं, ताकि मच्छरों के लार्वा को पनपने से रोका जा सके। उप सिविल सर्जन डॉ. नीरज मंगला ने बताया कि विभाग की तरफ से लगातार निगरानी की जा रही है और लोगों को बचाव के लिए भी जागरूक किया जा रहा है।