कैथल। पुलिस की विभिन्न टीमों ने अलग-अलग चार मामलों में चार नशा तस्करों को काबू कर उनके कब्जे से हेरोइन (चिट्टा) व चूरा पोस्त बरामद किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 125.08 ग्राम हेरोइन और 1 किलो 210 ग्राम चूरा पोस्त बरामद किया गया है।
डीएसपी रमेश चंद्र ने बताया कि पहले मामले में एंटी एक्सटॉर्शन सेल की टीम ने सूचना के आधार पर गांव माघो माजरी के श्मशान घाट के पास कार्रवाई करते हुए आरोपी गोविंदा उर्फ काला निवासी सिरटा रोड, कैथल को काबू किया। पुलिस सूचना के बाद मौके पर पहुंचे डीएसपी बीरभान के समक्ष ली गई तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे में एक पॉलीथिन से 100.56 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ थाना सदर में प्राथमिकी दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
दूसरे मामले में स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी की टीम ने गांव पाई से सिसमौर रोड पर सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी सागर निवासी गांव पाई को काबू किया। नियमानुसार कार्रवाई के तहत डीएसपी रमेश चंद्र की मौजूदगी में आरोपी की तलाशी लेने पर उसके कब्जे में एक पन्नी से 14 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ थाना पूंडरी में प्राथमिकी दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
तीसरे मामले में सीआईए गुहला की टीम ने सूचना के आधार पर खरौदी रोड, गुहला पर कार्रवाई करते हुए आरोपी बादल निवासी बलबेड़ा रोड, चीका को काबू किया। पुलिस सूचना के बाद तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 10.52 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ थाना गुहला में प्राथमिकी दर्ज की गई। चौथे मामले में एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने सूचना के आधार पर सेक्टर-18 कैथल के कट के पास कार्रवाई करते हुए आरोपी अनिल कुमार उर्फ बोबी निवासी गांव प्यौदा, हाल किरायेदार सीवन को काबू किया। पुलिस सूचना के बाद जांच में आरोपी के कब्जे में एक पॉलीथिन से एक किलो 210 ग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ थाना सिविल लाइन में प्राथमिकी दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।