कैथल। सब्जी मंडी में दो दिन पहले आढ़ती व दुकानदार के बीच लघुशंका करने को लेकर हुई कहासुनी के बाद तीन बदमाशों ने एक किराना दुकानदार पर दिन दहाड़े हमला कर दिया और बड़े आराम से डंडा लहराते हुए मंडी से निकल गए। किराना दुकानदारों ने घटना के विरोध में अपनी दुकानें बंद कर दी और एक आढ़ती के पुत्र पर हमला करवाने का आरोप लगाकर जमकर प्रदर्शन किया। हमले में घायल दुकानदार को जिला अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। सूचना मिलने पर मंडी में पहुंचे डीएसपी ने आश्वासन देकर दुकानदारों को शांत करवाया और शाम तक गिरफ्तारी की बात कही। इसके बाद दुकानदार शांत हुए।
दो दिन पहले हुआ था विवाद : पीड़ित के भतीजे रिंकू ने बताया कि वह डिस्पोजल के सामान की दुकान चलाता है। जिसमें वह और उसका चाचा चंद्र प्रकाश बैठता है। उसकी दुकान की बगल में एक बंद गली है। जहां उन्होंने गोदाम बनाया है। यहां पर सामने स्थित एक आढ़ती लघुशंका करने के लिए आता था। दो दिन पहले उसे रोका तो इस बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद पुलिस प्रशासन के सामने समझौता हुआ था। बुधवार को उसके चाचा अकेले दुकान पर मौजूद थे। इसी बीच उसने कई युवकों को बुलाकर उसके चाचा चंद्रभान पर हमला करवा दिया। बाद में तीनों के साथ खुद भी फरार हो गया। उसने बताया कि तीन युवकों ने उसके चाचा पर लाठी व डंडों से हमला कर दिया। जिससे उसका चाचा चंद्रप्रकाश को सिर पर चोटें आई हैं। इसके साथ ही आरोपी युवक करीब 80 हजार रुपये की नकदी उसके गल्ले से चुरा ले गए। हादसे के बाद उसके चाचा को अस्पताल में दाखिल करवाया गया।
विरोध में 100 से अधिक दुकानदारों ने दुकानें बंद रख किया पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन : दुकानदार से हुई मारपीट के बाद दुकानदारों में भय का माहौल बन गया। जिसके बाद मंडी में स्थित किराना सहित 100 से अधिक अन्य दुकानदारों ने विरोध में दुकानें बंद कर अपना रोष जताया।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हमलावरों की वारदात : दुकानदार सुरेश, विशाल, मनोज गर्ग, पवन व बीरभान ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे के बाद ग्राहकों का मंडी में आना जाना लगा हुआ था। करीब 12.15 बजे रेलवे स्टेशन की ओर गाड़ी खड़ी करने के बाद मंडी में तीन युवक आए। जो सीधा चंद्रप्रकाश की दुकान में पहुंचे और उन पर लाठी व डंडों से हमला कर दिया। 12.22 तक मारपीट के बाद 12.24 तक वापस आराम से चले गए। इनमें से एक तो डंडा लहराते हुए गया है।
व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करें पुलिस : दुकानदारों ने भीड़भाड़ वाले इलाके में ऐसी घटना होना पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल है। दुकानदार दिनेश गर्ग, अनिल गर्ग, सचिन, द्वारका, संदीप गोयल, सचिन, अनित गर्ग, ज्ञान चंद ने कहा कि सब्जी मंडी शहर की सबसे अधिक भीड़भाड़ वाला इलाका है। बावजूद इसके यहां पर सरेआम दिन में मारपीट की घटना को तीन युवक आराम से अंजाम दे देते हैं। ऐसी घटना भविष्य में कभी न हो इसलिए पुलिस प्रशासन को दो पुलिसकर्मियों की यहां पर ड्यूटी लगानी चाहिए। जिससे सभी व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकें।
सिटी थाना के एसएचओ रामकुमार ने बताया कि सोमवार को गली में लघुशंका करने के मामले में दो दुकानदारों में कहासुनी हुई थी। जिसके बाद हरियाणा सरकार के एक और सुधार प्रोजेक्ट डायरेक्टर रॉकी मित्तल द्वारा समझौता करवाया गया था। लेकिन उसके बाद दुकानदार से मारपीट हुई। इस घटना पर पुलिस आरोपी दुकानदार की तलाश कर रही है। जो फरार है।
मौके पर पहुंचे डीएसपी कुलभूषण ने कहा कि दुकान की बगल में स्थित गली में लघुशंका करने की छोटी सी बात को लेकर यह विवाद शुरू हुआ था। जिस पर दोनों दुकानदारों ने मिलकर समझौता भी कर लिया था। दो दिनों के बाद दूसरे दुकानदार के लड़के ने कुछ युवकों के साथ मिलकर मारपीट की। जिस पर पुलिस ने कार्रवाई के तहत पीड़ित के बयानों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।