स्टेडियम व सामुदायिक केंद्र के निर्माण को हरी झंडी
नगरपालिका कार्यकारिणी की बैठक में नगर के विकास व सौंदर्यीकरण के मुद्दों पर लगी सहमति की मुहर
पार्षदों ने अनेक प्रस्ताव पास कर विकास कार्यों के खोले द्वार
फोटो संख्या-28
अमर उजाला ब्यूरो
कलायत। कलायत नगर के विकास को लेकर नगरपालिका कार्यकारिणी की चेयरपर्सन रजनी राणा की अध्यक्षता में हुई बैठक में विकास के लिए कई प्रस्ताव पारित किए गए। नगरपालिका सचिव नरेंद्र शर्मा ने बताया कि बैठक में कई मुद्दों पर सहमति हुई। इनमें खेल स्टेडियम का निर्माण, वार्ड नंबर 4, 5 व 7 में सामुदायिक केंद्र के लिए भूमि उपलब्ध करवाना, कैंची चौंक से कश्यप बस्ती तक सडक़ के दोनों और के अतिक्रमण हटवा कर ब्लाक लगवाना तथा श्री कपिल मुनि राजकीय महिला कालेज के सामने से बस स्टैंड तक 40 फुट चौड़ी सीधी सडक़ का निर्माण करवाना शामिल है।
इसके अलावा बैठक में साईं मंदिर के सामने केमिस्ट मार्केट बनवाना, रेलवे स्टेशन के पास रैन बसेरा बनवाना, माई वाले डेरा के पास तिरंगा पार्क में चिल्ड्रन पार्क का निर्माण, शहर के सभी मुख्य चौक पर बैंच कुर्सियां लगाना, धार्मिक स्थलों को जाने वाले मार्गों पर स्वागत द्वार बनवाने बारे भी हाउस में प्रस्ताव सर्व सम्मति बना कर पास कर दिए गए। इसके अलावा नायक समाज को धर्मशाला के लिए भूमि उपलब्ध करवाने बारे भी प्रस्ताव पास कर दिया गया।
खेल स्टेडियम बनने का रास्ता हुआ आसन:-नगरपालिका चेयरपर्सन रजनी राणा ने बताया कि कलायत में खेल स्टेडियम की कमी बरसों से खल रही है। नगर में खिलाडिय़ों के खेलने के लिए कोई समुचित स्थान न होने के कारण स्टेडियम की मांग बरसों से बनी हुई थी। खेल स्टेडियम के लिए बार बार भूमि का चयन किया जा रहा था, पर सहमति नही बन पा रही थी। उन्होंने बताया कि हाउस की बैठक में स्टेडियम के लिए भूमि उपलब्ध करवाने के प्रस्ताव पर दोनों ही पक्षों में हुए वाद विवाद के पश्चात सहमति बन गई कि श्री कपिल मुनि महिला कालेज के सामने साढ़े चार एकड़ भूमि में खेल स्टेडियम का निर्माण करवाया जाएगा। राणा ने बताया कि करीब 6 एकड़ में पार्क का निर्माण करवाया जाएगा तथा उनके पास से ही महिला कालेज से बस स्टैंड तक जाने वाले 40 फुट चौड़े मार्ग का निर्माण करवाया जाएगा।
महिला कालेज से बस स्टैंड को जोडने के लिए 400 फुट का मार्ग सडक़ के लिए उप प्रधान मीनाक्षी जैष्ट ने बताया कि इस सडक़ के बनने से नगर के लोगों को फायदा मिलेगा। इस मार्ग के बनने से अनाज मंडी, रेलवे स्टेशन से आने वाले लोगों को कम रास्ता तय करना पड़ेगा। छात्राओं को बस स्टैंड पहुंचना आसान होगा। श्री कपिल मुनि मंदिर व तीर्थ की परिक्रमा लगाने वाले श्रद्धालुओं को भी बड़ी राहत मिलेगी।