मिनी कम्यूनिटी के प्रस्ताव को लेकर बैठक में हुए विवाद पर लोगों ने किया प्रदर्शन
फोटो नंबर-34
अमर उजाला ब्यूरो
गुहला चीका। चीका के वार्ड 2, 13 व 17 में बनने वाले मिनी कम्यूनिटी के प्रस्ताव को लेकर मंगलवार की पालिका बैठक में हुए विवाद को लेकर को लेकर वार्ड 17 के लोगों ने प्रदर्शन किया। मियां बस्ती के लोगों ने नगर पालिका प्रशासन व पार्षदों के खिलाफ रोष जताया।
उन्होंने कहा कि हमारे वार्ड में बनने वाले मिनी हॉल का प्रस्ताव महज इसलिए खारिज कर दिया गया क्योंकि हमारे पार्षद की बहुमत वाले गुट से बनती नहीं थी। मिनी हॉल के उक्त प्रस्ताव का विरोध करने वाले पार्षदों को निशाना बनाते हुए लोगों ने कहा कि खींचातानी पार्षदों की आपसी होगी। उसकी सजा आम शहरवासियों को देने का क्या औचित्य बनता है। बता दें कि मंगलवार को पालिका की आम बैठक में रखे गए एजेंडे में वार्ड 2, 13 व 17 में मिनी कम्यूनिटी हॉल बनाए जाने के प्रस्ताव भी शामिल थे। सदन में बहुमत से वार्ड 2 में मिनी हॉल का प्रस्ताव तो पास हो गया लेकिन 13 व 17 वार्ड का प्रस्ताव को बिना कोई कारण बताए खारिज कर दिया। लोगों को ऐतराज इसी बात से है कि नगर पालिका में पर्याप्त पैसा मौजूद होने के बावजूद लोगों के लिए बहुत ज्यादा जरूरी इस प्रोजेक्ट को क्यों पास नहीं होने दिया गया।
प्रदर्शन कर रहे पाल सिंह, राम जुआया, रामकुमार वाल्मीकि, बलवान, रमेश, नानकौर, सीतोदेवी, केशो, प्रीतो देवी, छोटी देवी, मालो देवी, बलकार सिंह व सुखचैन सिंह ने कहा कि वार्ड 2 का प्रस्ताव पास कर दिया पर हमारे वाला खारिज कर दिया। पाल सिंह ने कहा कि हम भी चीका के निवासी हैं। बंगलादेशी नहीं हैं हम। वार्ड 17 में चीका के सर्वाधिक गरीब लोग निवास करते हैं। डेहा बस्ती, सिकलीगर बस्ती व बागड़ी लोहार बस्ती सहित अधिकतर गरीब बस्तियां इसी वार्ड में हैं। छोटी देवी ने कहा कि मिनी हाल बनता तो दुख सुख में गरीब लोगों के काम आता।
संघर्ष करूंगा : पार्षद
वार्ड 17 के पार्षद बलकार सिंह बल्लू ने कहा कि आज उन्होंने संख्या बल के दम पर मिनी हाल का प्रस्ताव गिराया है कल को वे गलियां नालियां भी नहीं बनने देंगे। ऐसा कैसे चलेगा। उन्होंने कहा कि वे इस सिलसिले के खिलाफ जोरदार संघर्ष छेड़ेंगे।
वे तो तय करके आए थे : अमनदीप शर्मा
नगर पालिका चीका की अध्यक्ष अमनदीप शर्मा ने कहा कि पालिका की मंगलवार की बैठक का अनुभव अच्छा नहीं था। उन्होंने कहा कि वे तो सभी 17 के 17 वार्डों में समान आधार पर काम करवाने के लिए एजेंडा लेकर आई थी पर विपक्ष ने जुगाड़ करके बनाए संख्या बल के दम पर अपने अपने वार्डों के काम पास करवा लिए जबकि बहुत जरूरी होने के बावजूद सत्ता पक्ष के पार्षदों के प्रस्ताव गिरवा दिए। शर्मा ने कहा कि वे तो पहले से ही तय करके आए थे कि सत्ता पक्ष को नीचा दिखाना है। पर इससे नुकसान तो शहर का हो गया।