राज्यस्तरीय स्पर्धा के खिलाड़ियों को परेशानी, गद्दे मिले न पानी
देर रात्रि डीईओ ने दौरा किया तो पहुंचीं सुविधाएं, गीता भवन समीप स्थित राजकीय कन्या स्कूल में ठहरी हैँ लड़कियां
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। अंडर 14 राज्यस्तरीय बालीबॉल और जूडो प्रतियोगिता के लिए विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों को राजकीय कन्या विद्यालय में रात को परेशानियों का सामना करना पड़ा। देर रात गीता भवन मंदिर के समीप स्थित राजकीय कन्या स्कूल में ठहरीं 50 से अधिक लड़कियों को असुविधा का सामना करना पड़ा। स्कूल में जिला सोनीपत, रेवाड़ी और गुरुग्राम से पहुुंची लड़कियां ठहरी हैं। उन्हें सोने के लिए गद्दे नहीं मिले।
पीने का पानी बड़ी समस्या : गुरुग्राम से पहुंची वॉलीबॉल खिलाड़ी सुमन मोनिका, रितिका, तनु, अनामिका, सीमा, आरती व शिखा ने बताया कि यहां पर हम शाम के समय पहुंच गए थे। पूरे स्कूल के अंदर केवल एक स्थान पर पीने के पानी की टंकी है। लेकिन इस टंकी में भी गंदा पानी है।
बिना गद्दे सोईं लड़कियां : सोनीपत की खिलाड़ी अनुज, कीर्ति, तनु, शिवानी, रचना, निकिता ने बताया कि यहां पर एक कमरे में 16 खिलाड़ियों ठहरने की व्यवस्था की गई है। लेकिन एक कमरे में केवल दो गद्दे ही मुहैया करवाए गए है। ऐसे में अधिकतकर खिलाड़ी बिना गद्दों के सोने के लिए मजबूर हुई हैं। उसने बताया कि शिक्षा विभाग ने हमें जो सोने के लिए एक आध गद्दा दिया है। यह बॉक्सिंग व अन्य खेल में इस्तेमाल किए जाने वाला खेल विभाग का है। इसके ऊपर केवल खेल हो सकता है। कन्या स्कूल में पहुंची खिलाड़ी शिवानी, अंबिका, हरमन ने बताया कि प्रतियोगिता के आयोजकों ने मच्छर मारने की दवा नहीं दी।
--------
मैंने रात्रि नौ बजे तक ओमप्रभा जैन, राजकीय कन्या स्कूल, हिंदू स्कूल सहित जाखौली अड्डा स्थित स्कूलों का दौरा किया है। जहां जो समस्या थी, उसका समाधान करवा दिया गया है। गद्दों, पानी या मच्छरों की दवा आदि की कोई कमी नहीं हैं। अभी भी बीईओ द्वारा राजकीय कन्या स्कूल में ड्यूटी दी जा रही है।
- डीईओ कैथल