खरीद एजेंसी द्वारा बारदाना न दिए जाने के विरोध में आढ़तियों व किसानों ने किया प्रदर्शन
फोटो नंबर-31
अमर उजाला ब्यूरो
ढांड। सब यार्ड कौल में मंडी आढ़तियों को धान की तुलाई के लिए खरीद एजेंसी द्वारा बारदाना न दिए जाने के विरोध में मंडी आढ़तियों एवं किसानों ने मंडी प्रधान नरेश सगवाल व भाकियू प्रदेश महासचिव भूरा राम पबनावा के नेतृत्व में करनाल-पटियाला हाईवे पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना मिलते ही ढांड थाना सुरेश चंद दलबल सहित मौके पर पहुंचे और जाम लगा रहे मंडी आढ़तियों एवं किसानों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन किसान व मंडी आढ़ती एक ही बात पर अडिग रहे कि जब तक उन्हें खरीदे गए धान की तुलाई के लिए संबंधित खरीद एजेंसी द्वारा बारदाना उपलब्ध नहीं करवाया जाता तब तक जाम नहीं खोलेेंगे।
मंडी प्रधान नरेश सगवाल ने हैफेड खरीद एजेंसी के अधिकारियों पर आरोप लगाया है कि राइस मीलरों के साथ मिलीभगत करके आढ़तियों एवं किसानों को जानबूझ कर परेशान किया जा रहा है। मंगलवार को मंडी से खरीदा गया धान की तुलाई के लिए बारदाना नहीं दिया जाना उसी साजिश का एक हिस्सा है। पबनावा ने आरोप लगाया कि सरकारी एजेंसी द्वारा एक ही दिन धान की खरीद करके आज दिनभर कोई खरीद नहीं की गई है। जिससे किसान अपना धान बेचने के लिए परेशान हो रहे है। थाना प्रभारी ने हैफेड के डीएम से मोबाइल पर बात कर किसानों एवं आढ़तियों की समस्या से अवगत कराया। डीएम ने थाना प्रभारी को कहा कि मंडी आढ़तियों को खरीदे गए धान की तुलाई के लिए शीघ्र ही बारदाना मुहैया करवा दिया जाएगा तथा कल से मंडी में धान की सुचारु रूप से खरीद की जाएगी। इस आश्वासन के बाद आढ़तियों एवं किसानों ने एक घंटे बाद जाम खोला।
ढांड थाना प्रभारी सुरेश चंद ने बताया कि बारदाने एवं धान की खरीद को लेकर मंडी आढ़तियों एवं किसानों ने सड़क पर जाम गया दिया था। डीएम हैफेड से बात करके समस्या का समाधान करवा दिया है।