400 कलाकारों ने पांच मंचों पर दी प्रस्तुतियां
- रंगारंग प्रस्तुतियों से तीन दिवसीय जोनल यूथ फेस्टिवल की शुरुआत, प्रतिभागियों ने बिखेरी कला की छटा
पहले दिन 400 कलाकारों ने पांच मंचों के माध्यम से दी प्रस्तुतियां
फोटो नंबर-22 व 23
अमर उजाला ब्यूरो
ढांड। बाबू अनंत राम जनता कालेज कौल में बुधवार को रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ तीन दिवसीय जोनल यूथ फेस्टिवल की शुरुआत हुई। पहले दिन 400 कलाकारों ने पांच मंचों के माध्यम से अपनी प्रस्तुतियां दी। कार्यक्रम का शुभारंभ डीसी धर्मवीर सिंह ने मां सरस्वती की मूर्ति के सामने दीप प्रज्जवलित कर किया।
डीसी ने युवा महोत्सव मेें भाग लेने वाले प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कलाकारों के लिए इस मंच से अपनी प्रतिभा निखारने का एक बहुत बढ़िया अवसर है। ग्रामीण क्षेत्र के कॉलेज में इस प्रकार के युवा महोत्सव आयोजित करने से और भी अधिक महत्व बढ़ जाता है। क्योंकि आज भी हमारी संस्कृति और संस्कार भारत के गांवों में जिंदा है। 3 दिनों तक चलने वाले युवा महोत्सव में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय कुरुक्षेत्र के अधीन 60 कालेजों के एक हजार प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। जो विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभाओं की छटा बिखेरने का काम कर रहे हैं। कालेज के प्रिंसिपल डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि कालेज में प्रतियोगिताओं के लिए 5 मंच तैयार किए गए हैं। जहां कलाकार अपनी प्रस्तुतियां दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवा महोत्सव प्रतिदिन सुबह 10 शुरू होगा। बाहर से आने वाले प्रतिभागियों के लिए कालेज के मेन गेट के सामने रजिस्ट्रेशन काउंटर बनाया गया है। जहां प्रतिभागी अपना रजिस्ट्रेशन करवा रहे हैं। बाहर से आए हुए प्रतिभागियों एवं मेहमानों के लिए खाने एवं ठहरने की व्यवस्था की गई है।
कलाकारों ने कोरियोग्राफी के माध्यम से आज के दौर में बेटियों पर हो रहे अत्याचारों की कहानियां प्रस्तुत की। मेरा 52 गज का घाघरा के गीत के बोलों पर आरकेएसडी कालेज की छात्राओं ने अपनी प्रस्तुति देकर सबका मन मोह लिया। हरियाणवी ग्रुप डांस, क्लासिकल डांस, ग्रुप सांग में कलाकारों ने अपनी प्रतिभा के रंग बिखेर दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।
महोत्सव में ऑब्जर्वर की भूमिका डॉ. राजपाल सिंह प्राचार्य जीएमएन महाविद्यालय अंबाला निभा रहे हैं। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से निर्णायक मंडल की भूमिका निभाने वाले पारंगत दरियाव सिंह मालिक, जनार्दन शर्मा, महावीर गुड्डू व अन्य अपने क्षेत्र के माहिर निर्णायक मंडल के रूप में सभी कलाकारों ने अपनी भूमिका निभाई।